
नई दिल्ली। राजधानी में देश के तमाम दिग्गजों का रिहायशी इलाका यानी वीवीआईपी लुटियंस जोन पर हवाई हमले का खतरा मंडरा रहा है। खुफिया विभाग से जानकारी मिलने के बाद नई दिल्ली में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा बलों के पास इस वीवीआईपी जोन में हवाई हमले की तैयारी की पुख्ता सूचना पहुंची है। संबंधित विभाग में उच्च पदस्थ सूत्रों द्वारा इस खबर की पुष्टि की गई है और इस इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियों के माथे पर शिकन बढ़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो एक हाई प्रोफाइल सूत्र ने बताया कि आतंकी और समाज विरोधी तत्व इन वीवीआईपी, संविधान प्रमुखों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों समेत अन्य प्रमुख शख्सियतों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। यह लोग हवाई हमलों को अंजाम देने के लिए पैराग्लाइडर, पैरासेलिंग, पैरामोटर, ड्रोन या रिमोट ऑपरेटेड मॉडल्स जैसे मानवरहित उड़ने वाले विमान, माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बलून या ग्लाइडर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
गौरतलब है कि बीते जुलाई में भी गृह मंत्रालय ने सुरक्षा एजेंसियों को किसी संभावित हवाई या रासायनिक हमले के लिए आगाह किया था। एजेंसियों को निर्देश दिया गया था कि लुटियंस जोन में रहने वाले सभी 89 वीवीआईपी-वीआईपी शख्सियतों की सुरक्षा के साथ ही आपात स्थिति में उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर बनाया जाए। इसे वीआईपी-89 एरिया का नाम दिया गया।
वीआईपी-89 यानी एक ऐसा विशेष क्षेत्र जहां प्रधानमंत्री दफ्तर, राष्ट्रपति भवन जैसे वीवीआईपी आवास और कार्यालय मौजूद हैं। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के बाद दिल्ली पुलिस ने इस पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने किसी भी संभावित हवाई हमले को रोकने के लिए ड्रोन, पैराग्लाइडर जैसी किसी भी हवा में उड़ने वाली चीजों पर पाबंदी लगा दी है।
दावा किया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों को ऐसे इनपुट मिले हैं जिनमें पता चला है कि लश्कर जैसा कोई आतंकी संगठन दिल्ली में वीआईपी लोगों को निशाना बनाने के लिए हवाई हमले करने की फिराक में है। हाई अलर्ट के बाद पुलिस ने भी सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।