
मकान की छत की खुदाई करती पुलिस। फोटो: पत्रिका
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा शहर को झकझोरने वाले बहुचर्चित कमला कांकरिया हत्याकांड की तह तक जाने के लिए भीमगंज थाना पुलिस ने वारदात स्थल वाले मकान की छत को ही उधेड़ दिया। वहीं मटन पार्टी के दौरान शव के अवशेषों को मिला देने की गंभीर आशंका के चलते जांच का दायरा तेजी से बढ़ा दिया है। एसपी सागर राणा के नेतृत्व में थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने तेजतर्रार जवान लोकेश शर्मा, सुभाष शर्मा, अब्दुल वहीद व सुनील आदि के साथ घटनास्थल पर ही अस्थाई पुलिस चौकी खोल दी है। टीम अब वारदात की प्रत्येक कड़ी को सुलझाने के लिए 24 घंटे दौड़ रही है।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि घटना स्थल के मकान की प्रथम मंजिल की खुली छत पर वृद्धा के शव को 13 अक्टूबर की मध्य रात के बाद जलाया था। यहां फर्श पूरी तरह काला पड़ने के साथ ही उसमें दरार आ गई थी। ऐसे में आरोपी रवि व हीरा सिंधी एक मजदूर राजू को 14 अक्टूबर की सुबह 7:30 बजे ले आए थे। दोनों ने ही उसे सीमेंट, बजरी व सफेदी दिलवाई और छत की मरम्मत कराई।
मरम्मत से पूर्व यहां एकत्रित मलबे को समीप ही पांडु के नाले में मजदूर के जरिए फिंकवाया। आरोपियों की इस सूचना पर थाना प्रभारी सुनील चौधरी की टीम गुरुवार दोपहर में बडी पुलिया के नीचे से गुजर रहे पांड़ के नाले पर पहुंची। पुलिस टीम ने यहां करीब दो घंटे तक कचरे के ढेर में अवशेष संभाले, वहीं पानी में भी सर्च किया। लेकिन यहां कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इस दौरान महात्मा गांधी चिकित्सालय के मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. अनुपम भंसाली भी मौजूद रहे। वहीं पुलिस टीम ने मृतका की बहू एवं परिवादी रवीना को भी घटना स्थल दिखाया।
पुलिस व एफएसएल टीम मकान की छत पर पहुंची। टीम ने छत के उस हिस्से की खुदाई की, जहां पर आरोपी रवि ने खुदाई कर मरम्मत करवाई थी। लेकिन यहां भी कुछ संदिग्ध नजर नहीं आया। दूसरी तरफ पुलिस टीम मजदूर राजू को भी तलाश कर मौके पर ले आई। राजू ने मरम्मत कार्य की तस्दीक की। उसने बताया कि आरोपी रवि ने मजदूरी के पांच सौ रुपए देने की बात कही थी। यहां करीब चार घंटे छत की मरम्मत के साथ ही कुछ हिस्सों में पुताई भी की। राजू का कहना था कि उसे मेहनाता के पांच सौ रुपए भी नहीं दिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि रवि तापडि़या ने शहर में कई मकानों पर कब्जे कर रखे हैं। इनमें घटना स्थल का मकान भी शामिल है। यह मकान उसके ही दोस्त मनीष का है, धोखे से रवि ने यह मकान हड़प लिया, इसके बाद मनीष ब्यावर चला गया। वह अब कोर्ट कचहरी के चक्कर लगा रहा है। इसी प्रकार आरोपी रवि व उसकी गैंग ने कइयों की जमीन तक दबा रखी है।
Updated on:
30 Oct 2026, 2:09 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.