
रायगड़। महाराष्ट्र के रायगड़ में दिल दहलाने देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने ससुराल वालों के तानों से तंग आकर उनके खाने में जहर मिला दिया। खाना खाकर 5 रिश्तेदारों की मौत हो गई, जबकि 120 लोग बीमार पड़ गए। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि महिला ने सांप को मारने वाला जहर दाल में डाल दिया था।
पति की हत्या करना चाहती थी पत्नी
आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति और ससुराल वाले उसके काले रंग का सदैव मजाक बनाते थे और उसकी बनाए खाने की भी बुराइयां करते रहते थे। इस बात से महिला दिल ही दिल में नाराज रहती थी। वह अपने पति की भी हत्या करना चाहती थी। पुलिस ने बताया कि महिला मुंबई से 70 किलोमीटर दूर रायगड जिले के खलापुर की रहने वाली है और सोमवार को अपने एक रिश्तेदार सुभाष माने के यहां आयोजित भोज में हिस्सा लेने के लिए महाड आई हुई थी। पुलिस का कहना है कि महिला की दो साल पहले शादी हुई थी और शुरू से ही ससुराल वाले उसके काले रंग के लिए उसे तंज कसते थे। साथ ही ससुराल वाले स्वादिष्ट खाना न बना पाने को लेकर भी उसे लगतार प्रताड़ित करते रहते थे। महिला ने अपनी सास, दो ननद, सास की बहन, सास की बहन के पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आरोपी महिला की ये दूसरी शादी है। महिला का आरोप है कि उल्का शिंदे नाम की उसकी एक महिला रिश्तेदार ने उसके चरित्र पर दाग लगाकर उसकी पहली शादी तुड़वा दी थी। उसका कहना है कि उल्का शिंदे उसी तरह अब उसकी दूसरी शादी भी तुड़वाने की कोशिश कर रही है।
खाने में डाला सांप मारने वाला जहर
प्रादन्या सुर्वासे के रिश्तेदार सुभाष माने ने सोमवार को गृह प्रवेश के लिए भोज का इंतजाम किया। गृह प्रवेश की पूजा-पाठ के बाद दोपहर 2:30 बजे के करीब खाना शुरू हुआ। खाना खाने के कुछ ही घंटे बाद लोग मिचली, उल्टी आने और पेट दर्द की शिकायत करने लगे। तबीयत बिगड़ने के चलते करीब 88 लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। जहरीला खाना खाने से पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन बच्चे शामिल हैं।