
थाने में बच्ची के गायब होने की जानकारी देती महिला
ग्वालियर। रोडवेज बस स्टैंड से रविवार रात ढाई महीने की मासूम बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। बच्ची अपनी मां के पास फुटपाथ पर सो रही थी। मां कुछ देर के लिए पास में गई और वापस लौटी तो बच्ची गायब थी। आसपास तलाश करने पर भी उसका पता नहीं चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल के आसपास लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। हालांकि, पास के एक होटल के कैमरे में एक संदिग्ध युवक बच्ची को कंधे से लगाकर ले जाता दिखाई दिया है। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। मामले में बच्ची के पड़ोस में रहने वाले एक बाबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
टीकमगढ़ निवासी महिला अपने पति और दो बेटियों के साथ रोजगार की तलाश में ग्वालियर आई थी। परिवार बस स्टैंड के बाहर फुटपाथ पर रह रहा था। महिला के मुताबिक, रविवार रात वह कुछ देर के लिए पास में रहने वाले एक बाबा के साथ गई थी। उस समय उसकी ढाई महीने की बेटी टपरे के पास सो रही थी। महिला ने वहां मौजूद एक अनजान युवक से बच्ची पर नजर रखने को कहा था।
जब महिला वापस लौटी तो बच्ची और युवक दोनों गायब थे। इसके बाद उसने आसपास तलाश की और पुलिस को सूचना दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह संदिग्ध युवक को पहले से नहीं जानती, लेकिन उसे बस स्टैंड पर रहने वाले बाबा के साथ देखा था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर बाबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, बाबा ने संदिग्ध का नाम विजय बताया है। हालांकि, उसे युवक के पते और अन्य जानकारी के बारे में पता नहीं है।
महिला ने बताया कि बच्ची दिनभर से भूखी थी। उसे दूध पिलाने के लिए उसने बस स्टैंड पर आए एक यात्री से 20 रुपए भी मांगे थे। इसी दौरान बच्ची को लेकर संदिग्ध युवक फरार हो गया। घटना के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो वे बंद मिले। इसके बाद आसपास के प्रतिष्ठानों के कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पास के एक होटल के प्रवेश द्वार पर लगे कैमरे में संदिग्ध बच्ची को कंधे से लगाकर ले जाता दिखाई दिया है।
सीएसपी रॉबिन जैन के मुताबिक, संदिग्ध की तलाश में रेसकोर्स रोड और गांधी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे जा रहे हैं। देर रात तक बच्ची और संदिग्ध युवक का पता नहीं चल सका था। पुलिस की टीमें तलाश में जुटी हैं।
Updated on:
2 Nov 2026, 6:50 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 6:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.