
Japanese Girl Harassed on Holi: होली के दौरान विदेशी लड़की से छेड़छाड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लड़के एक विदेशी लड़की के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लड़कें जापानी लड़की के साथ जबरन होली खेलते दिख रहे हैं। इस दौरान लड़की परेशान दिख रही है। लेकिन मनचले लड़की के साथ लगातार जबरदस्ती करते नजर आ रहे हैं। मनचले लड़की के सिर फर जबरन अंडे भी फोड़ते नजर आए। वीडियो सामने आने पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पुलिस को नोटिस भेजा और मामले में आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ये बेहद शर्म की बात है कि होली के दिन किसी विदेशी के साथ ऐसी हरकत की गई। अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बताया गया कि दिल्ली पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पहाड़गंज इलाके का वीडियो, तीन मनचले गिरफ्तार-
बताया गया कि जापानी लड़की से बदसलूकी का यह मामला दिल्ली के पहाड़गंज इलाके का है। मामले में पुलिस ने जापानी एंबेसी को एक लेटर लिखा है, जिसमें आरोपी लड़कों के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। लेकिन सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस इसकी जांच कर रही है। तीन लड़कों को गिरफ्तार किया गया है।
जापान से भारत होली खेलने आई थी लड़की-
मिली जानकारी के अनुसार लड़की जापान से पहली बार भारत होली खेलने आई थी। इस वीडियो को खुद लड़की ने शेयर किया था। हालांकि बाद में उसने उसे अकाउंट से हटा लिया था। लेकिन उतने ही देर में घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा गया। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लड़के लड़की को घेरकर पकड़ते हुए और उस पर जबरदस्ती रंग डाल रहे हैं। वह नहीं-नहीं बोल रही है। लेकिन एक शख्स उसके सिर पर अंडे फोड़ देता है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने जताई नाराजगी-
वायरल वीडियो पर नाराजगी जाहिर करते हुए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया- जितनी बार ये वीडियो देख रही हूं, उतनी बार खून खौल रहा है। चाहे कुछ हो जाए इनमें से किसी को नहीं छोड़ूंगी, हम सुनिश्चित करेंगे इनमें से एक एक लफंगा सलाखों के पीछे पहुंचेगा।
होली पर हुड़दंगई का एक और मामला दिल्ली से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ लोग होली के दिन मुस्लिम महिलाओं पर रंगों से भरे गुब्बारे फेकते हुए नजर आए थे।
यह भी पढ़ें - होली पर रंग लगाने से मना करने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या, चाकू मार युवक की भी ले ली जान