क्राइम

झारखंडः रांची में एम्स के बाथरूम की ग्रिल तोड़कर दो कैदी हुए फरार, इलाज कराने पहुंची थी पुलिस

झारखंड की राजधानी रांची स्थित प्रदेश के सबसे बड़े सराकारी अस्पताल से दो कैदी फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। इलाज के लिए रिम्स के कैदी वार्ड में भर्ती हुए दोनों कैदी देर रात बाथरूम की ग्रिल तोड़कर फरार हो गए।
2 min read
rims_ranchi.jpg
Jharkhand: Two prisoners escaped by breaking the grill of AIIMS bathroom in Ranchi

राज्य का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल कैदियों के भागने की फेरवेट जगह बन गई है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा की कमी और पुलिस की लापरवाही के कारण कैदी यहां से बेहद आसानी से भाग रहे हैं। मामला झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स का है। जहां से दो कैदी बीती रात भी फरार हो गए। इन कैदियों ने भागने के लिए फिल्मी तरीका अपनाया। आज सुबह जब पुलिस को कैदियों के भागने की जानकारी मिली तो हड़कंप मचा है।

मिली जानकारी के अनुसार रिम्स से देर रात करीब ढाई बजे दो कैदी फरार हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार दोनों कैदी बाथरूम का ग्रिल तोड़ कर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस दोनों कैदियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। रिम्स परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि कैदी किस ओर भागे हैं।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरार कैदी का नाम अमित उरांव और मसरूर आलम है। अमित उरांव उग्रवादी है, उसे गुमला जेल से इलाज के लिए रिम्स के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। वहीं मसरूर आलम को पुलिस ने छेड़खानी के आरोप में हजारीबाग से गिरफ्तार किया था और हजारीबाग जेल से इलाज के लिए रिम्स के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। दोनों का इलाज यूरोलॉजी में चल रहा था।


दोनों कैदियों के भागने की सूचना गुमला और हजारीबाग पुलिस को दे दी गई है। पुलिस को शक है कि दोनों भागकर अपने घर जाएंगे। ऐसे में पुलिस कैदियों के घर पर नजर रख रही हैं। इधर स्थानीय लोगों ने बताया कि रिम्स कैदियों के भागने का फेवरेट प्लेस बन गया है। कैदी रिम्स आते हैं अपना इलाज कराने, लेकिन मौका पाकर यहां से फरार हो जाते हैं। पुलिस वाले हाथ मलते रह जाते हैं। कुछ दिनों पहले एक चोर पेट दर्द का इलाज कराने रिम्स आया था, जहां से वह फरार हो गया।

Published on:
16 Oct 2022 02:08 pm