विश्रामपुर। सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अजबनगर के कोइलीजोर में शुक्रवार की सुबह बच्चा चोर (Child thief) की खबर हवा की तरह फैल गई और मिनटों में पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान बाइक सवार 2 चचेरे भाइयों को ग्रामीणों ने घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी। दोनों मिन्नतें करते रहें कि वे बच्चे चुराने नहीं आए हैं, लेकिन ग्रामीण नहीं माने और उन्हें पीटते रहे। अंत में ग्रामीणों ने दोनों को जयनगर पुलिस के हवाले कर दिया। गांव में यह बात फैल गई थी कि चॉकलेट और बिस्किट खिलाने का लालच देकर दोनों चचेरे भाइयों ने गांव के 4 बच्चों को बुलाया था। वहीं 2 बच्चियों को बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहे थे।