
नई दिल्ली। देश की राजधानी में एक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक महिला ने पड़ोसी से बदला लेने के लिए उसके बच्चे को पटक-पटक कर मार डाला।
जानकारी के मुताबिक पेशे से इलेक्ट्रीशियन राकेश कुमार अपने परिवार के साथ दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में रहते थे। उन्होंने बताया कि वो अपनी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ पहली मंजिल पर रहते थे। उसी मकान में दूसरी मंजिल पर बृजेश नाम का शख्स अपनी पत्नी दीपू के साथ रहता था। एक दिन उनके बच्चे खेलते-खेलते दूसरी मंजिल पर चले गए थे। इसको लेकर दोनों परिवारों में झगड़ा हुआ।
झगड़े के बाद दूसरी मंजिल पर रहने वाली दीपू ने राकेश के परिवार को परिणाम भुगतने की धमकी दी। राकेश ने बताया कि सब कुछ सही चल रहा था। गुरुवार दोपहर वो खाना खाकर अपनी दूकान पर चला गया। इसी दौरान उसकी पत्नी ने उसे फोन करके बताया कि उसका बेटा नहीं घर में नहीं है। राकेश तुरंत घर पहुंचा और बेटे की तलाश शुरू की।
अपने घर में तलाश करने के बाद जब बेटा नहीं मिला तो राकेश दूसरी मंजिल पर पहुंचा। इस दौरान जब वो दीपू के कमरे में बेटे की तलाश के लिए घुसने लगा तो दीपू ने उसे रोका। इसके बावजूद राकेश दीपू के घर में घुस गया। वहां उसे एक कपड़े का गट्ठर नजर आया। राकेश और उसकी पत्नी ने जब कपड़ों को हटाया तो उनके होश उड़ गए। कपड़ों के नीचे एक बोरे में उसका बेटा खून से लथपथ पड़ा था। राकेश अपने बेटे को लेकर अस्पताल गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक सर पर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हुई है। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। राकेश की शिकायत पर पुलिस ने दीपू को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
पुलिस के मुताबिक दीपू बहुत दिन से राकेश के परिवार से बदला लेने की फिराक में थी। गुरुवार को राकेश की पत्नी अपने दोनों बेटियों को ऊपर लेकर गई। इसी दौरान दीपू ने अकेला पाकर उसके बेटे को साथ ले आई और एक बोरे में भरकर उसे पटक-पटक कर मार डाला। आरोपी महिला ने बताया कि घर में खून फैल गया था जिस पर उसने उसे कपड़े से साफ किया और लाश को कपड़ों के गट्ठर के नीचे रख दिया। राकेश का परिवार उस घर को छोड़कर चला गया है। राकेश के कहा कि जिस घर में उनके बेटे की हत्या हुई अब उस घर में और नहीं रह सकते।