
बड़वानी/पाटी. थाना क्षेत्र के आने वाले बमनाली गांव में पति ने पत्नी की ईंट और पत्थर से मार कर हत्या कर दी। बोकराटा पुलिस चौकी प्रभारी पिंकी सिसौदिया ने बताया कि मृतक महिला के पुत्र की सूचना पर मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। घटना पर पहुंची चौकी प्रभारी को पुत्र ने बताया कि मेरे पिता वसरिया बारेला हमेशा मेरी मां महगूबाई बारेला (42) से मारपीट करता था। वहीं रात को ईंट व पत्थर से ज्यादा ही मारपीट की।
पुत्र ने बताया कि बहन को भी घर से भगा दिया था और कहनेा लगा कि तुमको भी जान से मार दूंगा। मैं पास के फलिये में नुकते के कार्यक्रम में गया था। दोनों बहनें पड़ोसी के यहां जाकर सो गई थी। सुबह हम सभी लोग डरते-डरते घर आए तो मां आंगन में मरी पड़ी हुई थी। आसपास खून भी पड़ा हुआ था। साथ ही पास ही ईंट व पत्थर भी पड़े हुए थे। पिता घर पर नहीं थे। इसके बाद बड़े पापा को जाकर ये घटना बताई। उन्होंने व गांव के मुखिया को लेकर थाने आया। पुलिस ने मृतक महिला के पुत्र की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच में लिया। वहीं शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपूर्द किया। एएसआई आशिक खान ने बताया कि आरोपी मौके से फरार है। तलाश जारी है।