28 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पहले पति को छोड़कर प्रेमी से रचाई शादी, फिर जयपुर में रहने लगी, प्रेग्नेंट होने पर दूसरे पति ने उठाया खौफनाक कदम

किरण पहले पति को छोड़कर आई थी और इसी साल जनवरी में प्रेमी प्रवेश से शादी की थी। लेकिन, प्रवेश ने हत्या कर दी और शव को गाड़कर फरार हो गया।
2 min read
Google source verification
Jaipur Crime

मौके पर मौजूद पुलिस। फोटो: पत्रिका

जयपुर। बिंदायका थाना इलाके के सिंवारमोड़ स्थित प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी के एक मकान में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को गड्ढे में दबाकर उसके ऊपर नमक डाला गया था। मृतका गर्भवती बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि मकान मालिक रविवार सुबह करीब 11 बजे किराया लेने गया था, लेकिन गेट पर ताला लगा हुआ था। ताला खोलकर अंदर देखा तो कमरों के सामने एक गड्ढा खुदा हुआ और वहां मिट्टी पड़ी थी।

दुर्गंध आने पर मकान मालिक सहम गया और उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार जैमिनी मौके पर पहुंचे और गड्ढे से महिला का शव बाहर निकलवाया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

दो माह से किराए पर रह रहे थे दंपती

थानाधिकारी अनिल कुमार जैमिनी ने बताया कि मृतका की पहचान किरण रावत (33) निवासी बाराबंकी (यूपी) के रूप में हुई है। किरण अपने पति प्रवेश रावत (22) निवासी परसा ओलिया, बाराबंकी (यूपी) के साथ जयपुर में दो माह से किराए पर रह रही थी। किरण पहले पति को छोड़कर आई थी और इसी साल जनवरी में प्रेमी प्रवेश से शादी की थी। लेकिन, पत्नी की पेग्नेंट होने पर प्रवेश ने हत्या कर दी और शव को गाड़कर फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की है।

सुबह 7 बजे निकला था पति, फैक्टरी से लिए 500 रुपए

पुलिस ने मकान किराए पर दिलाने वाले आरोपी प्रवेश के रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रवेश पास ही रबर रिंग बनाने वाली एक फैक्टरी में काम करता था। रविवार सुबह करीब 7 बजे वह घर से निकला और फैक्टरी से 500 रुपए लेकर निकल गया। जयपुर-आगरा हाईवे पर लोकेशन मिलने के बाद आरोपित की तलाश में पुलिस की टीमें रवाना कर दी हैं। सूचना पर डीसीपी प्रशांत किरण, बगरू एसीपी धर्मेंद्र कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।

इनका कहना है

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के गर्भवती होने की बात भी सामने आ रही है। आरोपी पति की तलाश की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
-प्रशांत किरण, डीसीपी वेस्ट