सीबीआई की टीम शनिवार सुबह रेयान इंटरनेशनल स्कूल पहुंच चुकी है। इसके अलावा फोरेंसिक विभाग की 12 मेंबर्सवाली टीम भी पहुंच चुकी है।
गुरुग्राम.रेयान इंटरनेशनल स्कूल में 7 साल के प्रद्युम्न की हत्या की जांच के लिए सीबीआई की 3 सदस्यों वाली टीम शनिवार सुबह स्कूल पहुंच चुकी है। सीबीआई टीम के अलावा फोरेंसिक विभाग की 12 मेंबर्सवाली टीम भी स्कूल पहुंच चुकी है। यह टीम हत्या वाले स्थल सबूत जुटाएगी। सीबीआई ने शुक्रवार को इस केस को अपने हाथ में लिया था। प्रद्युम्न के पिता ने शुक्रवार को कहा था कि अगर जांच शुरू नहीं होती है तो वे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। गुरुग्राम पुलिस ने रेयान स्कूल के मालिक पिंटो परिवार को समन जारी किया है। इसमें कहा गया है कि वे जांच में शामिल हों। इसके जल्द ही पुलिस पिंटो परिवार से पूछताछ कर सकती है। सीबीआई प्रवक्ता अभिषेक दयाल ने शुक्रवार को बताया कि एजेंसी ने केंद्र सरकार से अधिसूचना प्राप्त होने के बाद जांच अपने हाथ में ले ली है। इससे पहले सीबीआई की एक टीम ने देर शाम गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ऑफिस का दौरा किया था।
18 सितंबर को खुला था स्कूल
18 सितंबर सोमवार को स्कूल खोला गया था, लेकिन प्रद्युम्न के पिता के ऐतराज के बाद इसे 25 सितंबर तक बंद रखने का फैसला किया गया है। प्रद्युमन के पिता ने कहा था कि जांच पूरी होने से पहले कैसे स्कूल खोला जा सकता है। स्कूल प्रबंधन पहले भी सबूत मिटाने की कोशिश कर जांच को प्रभावित कर चुका है। ऐसे में स्कूल नहीं खोला जाना चाहिए। इसके स्कूल को बंद कर दिया गया था।
जमानत याचिका खारिज कर चुका है हाईकोर्ट
रेयान इंटरनेशनल स्कूल में 8 सितंबर को 7 साल के बच्चे प्रद्युम्न की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने स्कूल बस के कंडक्टर अशोक कुमार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में स्कूल के दो सीनियर अधिकारी गिरफ्तार हो चुके हैं, वहीं मालिकों पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। पिछले दिनों पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट रेयान इंटरनेशनल स्कूल के मालिकों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुका है। जिस बस कंडक्टर को प्रद्युम्न की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह कोर्ट में कह चुका है कि उसे फंसाया गया है। उसने सुनवाई के दौरान कोर्ट से कहा था कि जज साहब मुझे फंसाया गया है।