
हैदराबाद। तेलगु फिल्म अभिनेत्री अन्नपूर्णा की बेटी कीर्ति का कथित तौर पर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की बताई जा रही है। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि कर दी है। पुलिस के मुताबिक कीर्ति ने अपने घर पर ही फांसी लगाकर खुदकुशी की है। आपको बता दें कि तेलगु की मशहूर अभिनेत्री अन्नपूर्णा ने कीर्ति को गोद लिया था।
पंखे से लटका मिला कीर्ति का शव
हैदराबाद स्थित अभिनेत्री के घर पर कीर्ति का शव पंखे से लटका मिला है। बंजारा हिल्स डिवीजन के एसीपी केसी राव ने बताया कि 35 वर्षीय कीर्ति का 1 बच्चा भी है। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि महिला को कुछ स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें थी जिसके चलते उससे इतना बड़ा कदम उठा लिया।
दो साल से चल रहा था मानसिक तनाव का इलाज
मिली जानकारी के मुताबिक कीर्ति का पिछले दो साल से मानसिक तनाव का इलाज चल रहा था। छह महीने पहले उसकी परेशानी तब और बढ़ गई जब उसे पता चला कि उसकी बच्ची ठीक से बोल नहीं सकती है। कीर्ति की ढाई साल की बेटी को ठीक से बोलने में समस्या हो रही थी। बच्ची की ऐसी हालात का पता लगने के बाद से ही कीर्ति पिछले काफी समय से अवसाद में चल रही थी।
संदिग्ध मौत का मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
कीर्ति की शादी तीन साल पहले बेंगलूरु के सॉफ्टवेयर इंजीनियर वेंकटकृष्णा से हुई थी। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है। कीर्ति के शव का पोस्टमार्टम ओस्मानिया जनरल अस्पताल में किया गया। इसके साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत पुलिस ने मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।