
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद सियासत गर्म है। पिछले कुछ समय घाटी सुर्खियों में है। इसी बीच कश्मीर से ऐसी खबर सामने आ रही है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, कश्मीर की दो लड़कियों से बिहार के दो युवकों ने शादी कर ली। लेकिन, लड़कियों के परिजन की शिकायत पर दोनों युवको को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दो सगी बहनों से दो सगे भाइयों को हुआ प्यार
बिहार के सुपौल के विशनपुर गांव के रहने वाले तबरे और परवेज दो सगे भाई कश्मीर में राज मिस्त्री का काम करते थे। दोनों की मुलाकात नादिया और सायना से हुई। दोनों भाइयों को दोनों बहनों से प्यार हो गया। प्यार इस तरह परवान चढ़ा कि दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी कर ली।
इसके बाद कोर्ट मैरिज भी किया। शादी के बाद तबरेज और परवेज अपनी पत्नियों को लेकर कश्मीर से सुपौल चले गए। इस बात की भनक जैसे ही लड़कियों के परिजन को लगी उन्होंने थाने में दोनों भाइयों के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज करा दी।
लड़कियों के परिजन की शिकायत पर पुलिस दोनों भाइयों को गिरफ्तार करने के लिए सुपौल पहुंच गई। फिलहाल, पुलिस ने परवेज और तबरेज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों भाइयों का कहना है कि हम बालिग और अपनी मर्जी से शादी किए हैं।
लड़कियों का भी कहना है कि वे अपने पतियों के साथ रहना चाहती हैं। फिलहाल, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले की गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, लड़कियां भी पुलिस के कब्जे में हैं।