
धौलपुर, जयपुर अस्पताल में भर्ती घायल
Dholpur, सरमथुरा. चुनाव में हार का बदला लेने के लिए गौलारी के सरपंच प्रत्याशी द्वारा परिवार के लोगों पर ही वोट नही देने का आरोप लगाते हुए 30-40 लोगों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में परिवार के कई लोग घायल हो गए लेकिन एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जो सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर में भर्ती है। जो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। हमले के वक्त घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों ने भाग कर जान बचाई। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बनवारी पुत्र रामगोपाल निवासी बल्लापुरा पुलिस थाना सोने का गुर्जा ने बताया कि गौलारी ग्राम पंचायत से चाचा पप्पू उर्फ रामनरेश सरपंच का चुनाव लड़ा था। पप्पू उर्फ रामनरेश सरपंच चुनाव हार गया। चुनाव हारने पर चाचा पप्पू व अन्य परिवारजन को यह शक हुआ कि हमारे परिवार ने राजवीर के पक्ष में मतदान किया है। 17 नबंवर की रात्रि करीब 8-9 बजे भूरा पुत्र रामनिवास, घनश्याम पुत्र रामवीर, राहुल पुत्र रामबाबू, रामअवतार, हंसराम, सुगरा पुत्र लाखन, विष्णु पुत्र रामअवतार, पप्पू उर्फ रामनरेश, लाखन, रामबाबू, रामनिवास, रामवीर पुत्र भगवानसिंह एकराय होकर जान से मारने की नीयत से अपने हाथों में लोहे के सरिया, लाठी व पत्थर लेकर रिहायशी मकान में घुस आये और परिवारजन को घेर लिया।हमलावर भूरा, पप्पू उर्फ रामनरेश, घनश्याम और हंसराम ने छोटे भाई कुमेर सिंह के सिर, पैर और शरीर पर लोहे के सरिया से चोट मारी। सिर में चोट लगते ही कुमेरसिंह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
छोटे भाई को घायल देख सिंघराम ने हल्ला मचाया तो उसी समय रामअवतार, राहुल, विष्णु, रामवीर ने हम दोनों भाईयों पर सरिया व लोहे की रोड व पत्थरों से जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने उग्र होकर घर व वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना ग्रामवासियों ने पुलिस को दी, पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी घर में तोड़ फोड़ कर रहे थे और पुलिस को देखकर भाग गये।
ग्रामीणों द्वारा घायलों को सरमथुरा सरकारी अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से कुमेरसिंह को चोटों की गंभीरता के कारण तत्काल हायर सेंटर रैफर कर दिया। घायल कुमेरसिंह का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। जो तीन दिन से बेहोशी की हालत में है। हालांकि सिर का ऑपरेशन किया गया है, अभी भी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार कुमेरसिंह की जान खतरे में है। पीड़ित बनवारी पुत्र रामगोपाल निवासी बल्लापुरा (गौलारी) ने तहरीर देकर पुलिस थाना सोने का गुर्जा में नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
-सोशल मीडिया में वायरल: हम हारे नहीं, हमें हराया गया है...
पीड़ित परिवार की जमीनी विवाद को लेकर चाचा से पहले से ही रंजिश है। चुनाव में वोट नही देने पर 17 नबंवर को पप्पू के भतीजे भूरा ने सोशल मीडिया में मैसेज वायरल कर धमकी दी कि हम हारे नहीं हमें हराया गया है, वार्ड नं. 3 गौलारी के गद्दारों को समय आने पर जवाब दिया जाएगा, कुछ बखरैला हमारे घर के थे। वायरल मैसेज में घमकी भी दी गई कि बेटे हम जिस दिन डसेंगे, उस दिन पानी नहीं मांगेंगे ध्यान रखना।
चुनाव के बाद बल्लापुरा में परिवार के लोगों में आपस में विवाद हो गया था, मारपीट भी हुई है, पीड़ित परिवार ने घटना का मुकदमा दो दिन बाद दर्ज कराया गया है, पुलिस द्वारा टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-धनश्याम सिंह थानाप्रभारी सोनेगुर्जा
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
23 Nov 2026, 7:04 PM IST
Published on:
23 Nov 2026, 7:04 PM IST
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़




