क्राइम

उन्नाव गैंगरेप केस: सामने आया पीड़िता के पिता का आखिरी वीडियो, जिसमें बताई है आपबीती

गैंगरेप पीड़िता के पिता का आखिरी वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने आपबीती सुनाई है।

2 min read

नई दिल्ली। उन्नाव गैंगरेप केस में आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की मुश्किलें दिनों दिन बढ़ती जा रही हैं। हर रोज गैंगरेप से जुड़े मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। अब एक और नया वीडियों सामने आया है। यह वीडियो पीड़िता के पिता का है, जिसे उनका आखिरी वीडियो बताया जा रहा है।

विधायक के भाई पर पीटने का आरोप

ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में गैंगरेप पीड़िता के पिता ने पिटाई करने वाले सभी आरोपियों का नाम बताया है। लड़की के पिता ने अपने इस आखिरी वीडियो बयान में पिटाई करने वाले लोगों में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के भाई अतुल सिंह का भी नाम लिया है। बता दें कि गैंगरेप के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर के भाई पर पीड़िता के पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। लड़की के पिता के साथ इतनी पिटाई की गई थी कि उनकी बीते 9 अप्रैल को मौत हो गई थी।

पुलिस पर भी सवाल
इस वीडियों में पीड़िता के पिता यह बता रहे हैं कि कितनी बुरी तरह से उनकी पिटाई की गई। वीडियों में एक जगह पीड़ित साफ कहते नजर आ रहे हैं कि विधायक के भाई अतुल सिंह ने पुलिस के सामने अपने 4 गुंडों के साथ मिलकर उन्हें बेहरहमी से पीटा और पुलिस उन्हें रोक तक नहीं रही थी। अब इस वीडियो के सामने आने के बाद यूपी पुलिस की मुसीबतें और भी बढ़ सकती हैं। इस वीडियो में पीड़ित ने बताया है कि विधायक कुलदीप सिंह उनकी लड़की पर रेप के मामले मे शांत रहने के लिए दबाव बना रहे थे, लेकिन जब लड़की ने बात नहीं मानी तो फिर विधायक के इशारे पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

क्या है यह पूरा मामला?
बीते दिनों उन्नाव के माखी इलाके में रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। पीड़िता के मुताबिक जून 2017 में नौकरी के नाम पर ग्राम प्रधान की पत्नी उसे विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के आवास पर ले गई थी, जहां विधायक ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि न्याय के लिए वह उन्नाव पुलिस के हर अधिकारी के पास गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता के मुताबिक आरोपी विधायक उस पर पुलिस में शिकायत नहीं करने का दबाव बनाता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 3 अप्रैल को दबाव बनाने के लिए उसके पिता से विधायक के भाई अतुल और मनोज ने मारपीट की। बताया जाता है विरोध करने पर पीड़िता के मृत पिता के खिलाफ एक फर्ज़ी मुकदमा लिख दिया गया।

ये भी पढ़ें

उन्नाव गैंगरेप का हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने लिया संज्ञान, मामले की मांगी पूरी रिपोर्ट
Published on:
11 Apr 2018 03:08 pm
Also Read
View All