MP News: भितरवार में धान के दाम को लेकर जबरदस्त हंगामा। किसानों ने नाराज होकर व्यापारियों की जूते-चप्पलों से पिटाई कर दी, पूरी घटना CCTV में कैद हुई।
Bhitarwar Mandi Fight Video Viral: एमपी के भितरवार के कृषि उपज मंडी में मंगलवार को धान खरीदी के दामों को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। किसानों ने आरोप लगाया कि व्यापारी धान की कीमत जानबूझकर बहुत कम बता रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। बात इतनी बिगड़ गई कि कुछ किसानों ने गुस्से में आकर संबंधित व्यापारी की जूता-चप्पल से पिटाई कर दी। इस हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई व्यापारी जान बचाकर मंडी परिसर से भागते नजर आए। (mp news)
यह पूरी घटना मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे विवाद के दौरान कुछ किसान व्यापारियों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। जबकि कई व्यापारी मंडी से भागते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद कृषि उपज मंडी समिति भितरवार के व्यापारी एकजुट होकर हड़ताल पर चले गए और खरीदी बंद कर दी गई।
इस बात की जानकारी लगने के बाद भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया और मंडी सचिव नवीन चंद्र कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। व्यापारियों को समझाया, जिस पर सभी व्यापारी बुधवार से डाक बोली लगाने को तैयार हो गए। साथ ही व्यापारियों ने मारपीट करने वाले उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज कर गिरतार करने की भी मांग की।
कृषि उपज मंडी में प्रतिदिन 400 से 500 धान की ट्रॉली लेकर किसान पहुंच रहे हैं। तकरीबन 10 बजे से धान की डाक बोली मंडी कर्मचारियों द्वारा लगाई जाती है। इसी दौरान ररुआ गांव निवासी किसान कल्लू रावत की 1718 धान की बोली व्यापारी संदीप साहू एवं गजेंद्र शर्मा 2200 रुपए प्रति क्विंटल लगाई, जिस पर उक्त किसान ने कहा कि मेरी 2600 रुपए से बोली शुरु की जाए।
इसी बात को लेकर किसान और व्यापारी के विवाद होना शुरु हो गया। किसान कल्लू रावत और उसके साथ आए संजू साहू, कल्लू साहू, भूरा साहू आदि ने जूते चप्पलों से मारपीट कर दी। पत्थर भी फेंके। जिसके चलते मंडी में अफरा-तफरी मच गई और कई व्यापारी अपनी जान बचाकर वहां से भाग खड़े हुए।
मंगलवार की दोपहर डाक बोली के दौरान तकरीबन 12 बजे किसान द्वारा व्यापारी की मारपीट करने के बाद सभी व्यापारी एकत्रित हो गए और मंडी में हड़ताल करते हुए खरीदी बंद कर दी। जिसके चलते लगभग मंडी में पहुंची 400 से 500 धान की ट्रॉली में से मात्र 150 के लगभग ट्रॉली की ही धान की तौल हो सकी।
मंडी सचिव नवीनचंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि किसान व एक व्यापारी के बीच विवाद हुआ। मारपीट का मामला सामने आया है। व्यापारियों ने हड़ताल कर दी। सभी व्यापारियों को समझाया गया, वह मान गए हैं। बुधवार से खरीदी होगी।
मारपीट की घटना के बाद कुछ व्यापारी पुलिस थाने भी पहुंचे जहां व्यापारियों दवारा उपरोक्त मारपीट करने वाले किसानों के खिलाफ मामला दर्ज करने के संबंध में ज्ञापन देने की बात कही गई। थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा ने कहा कि व्यापारियों द्वारा अभी कोई आवेदन नहीं दिया गया है। अगर कोई आवेदन आता है, तो कार्रवाई की जाएगी। (mp news)