डबरा

MP में कुत्ते के बाद ‘सांड’ का आतंक, हफ्ते भर में 8 लोग घायल, एक की मौत

MP News: सांडों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। आठ दिन में चार लोग घायल और एक की मौत हो चुकी है। सड़कों पर खुले घूमते सांडों से लोगों में दहशत है।
2 min read
Oct 16, 2025
dabra bull attack killed youth four injured mp news
dabra bull attack killed youth four injured (फोटो- सोशल मीडिया)

bull attack killed youth: डबरा में सांड का आंतक इस कदर बढ़ गया है कि उनकी चपेट में आने से आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। लगातार सांड- गोवंश की संख्या भी बढ़ गई है। बाजार की सड़कों के अलावा हाइवे पर इन सांडों का आंतक बना हुआ है।

8 दिन में सांड की चपेट में आने से चार लोग जख्मी हुए हैं। जबकि एक युवक ने जान गंवाई। इसके बाद भी प्रशासन की अनदेखी बनी हुई है। आवारा मवेशी को पकडने के लिए नपा ने कोई अभियान तक नहीं चलाया है। नतीजा मुख्य मार्ग पर सांडों का आंतक बना है और लोग अपनी जान बचाकर निकलते हैं। (mp news)

प्रशासन ने मूंदी आंखें

गौरतलब है कि सांड-गोवंश के मृत होने व बढ़ रहे हादसे को देखते हुए तत्कालीन एसडीएम ने संबंधित निकायों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की थी। जिसमें जिन पशु पालक का पशु संबंधित क्षेत्र में सांड व गोवंश घूमता मिले उसके पशु पालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। लेकिन एक के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि लगातार शहर के मुख्य मार्ग के अलावा हाइवे पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा बना रहता है। ऐसे में हाइवे व सडक़ से निकलने के दौरान लोगों में डर बना रहता है। आए दिन लोग उनके शिकार हो रहे हैं।

बाइक सवार को सांड ने मारी टक्कर

विगत दिनों गीता टॉकीज रोड पर दौड़ते हुए एक सांड ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। पिछले दिनों ठाकुर बाबा रोड पर दो सांड करीब 10 मिनट तक लड़ते रहे। इस दौरान वहां से कोई नहीं निकल सका। इनदिनों फसल पक कर कटने को तैयार है। किसान अपनी फसल की चिंता को लेकर मजबूरी में गांव से सांड व गोवंश को हाक कर शहर की और छोड़ जा रहे हैं। इस वजह से भी शहर के मुख्य मार्ग पर सांड दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं।

जल्द आवारा गोवंश को पकड़ने अभियान चलेगा

गौवंश व सांड को लेकर प्रशासन भी चिंतित है। जल्द ही आवारा गोवंश को पकडने को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।- साक्षी वाजपेई, सीएमओ नगर पालिका डबरा

यह गोशालाएं बंद

वर्तमान में अधिकतर जगह गो शाला का संचालन नहीं हो पा रहा है। डबरा की मेहगांव, धवा, भितरवार की हिम्मतगढ़, कछौंआ, केरुआ की गोशाला शामिल हैं।

सामने आए 3 मामले

केस-1: 6 अक्टूबर को खेरवाया गांव के समीप बाइक से जा रहे सुनील कुशवाह निवासी फतेहपुर की गर्दन में सांड ने सींग घुसा दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। जबकि बाइक पर बैठा नरेश कुशवाह घायल हो गया था।

केस-2: 13 अक्टूबर को रात के समय बुजुर्ग रोड पर विद्युत वितरण कंपनी के गार्ड संजीव शर्मा की जांघ पर एक सांड ने पीछे से दौड़ते हुए सींग घुसा दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया।

केस-3: 9 अक्टूबर को गीता टॉकीज रोड पर एक सांड दौड़ता हुआ आने के दौरान सामने से आ रहा एक बाइक सवार चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। लोगों ने दौडकर जान बचाई।

कहां कितनी गोशाला

नगरीय निकाय स्तरीय

  • पिछोर 1
  • डबरा 01
  • भितरवार 1

पंचायत स्तरीय

  • डबरा 4
  • भितरवार 07
Updated on:
16 Oct 2025 03:33 pm
Published on:
16 Oct 2025 03:33 pm