
Damoh Birthday party legal notice: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से दोस्ती और कानून के अनूठे मेल का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने दोस्त को जन्मदिन की पार्टी न देने और फोन न उठाने पर वकील के जरिए बकायदा रजिस्टर्ड लीगल नोटिस भेज दिया है। पीड़ित दोस्त का आरोप है कि पार्टी न मिलने के गम और इंतजार के कारण उसकी तबियत बिगड़ गई, जिसके इलाज में भारी खर्च हुआ। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, विवेकानंद नगर निवासी विशाल सिंह राजपूत (32) और दमोह सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोविंद तिवारी के बीच गहरी दोस्ती है। 10 अगस्त को एडवोकेट गोविंद का जन्मदिन था। दोस्त के जन्मदिन को लेकर विशाल उत्साहित थे। इसके बाद 10 तारीख को विशाल और साथियों ने उनका जन्मदिन मनाया, जिस पर गोविंद ने पार्टी देने का वादा किया। दिन बिताते गए लेकिन गोविंद ने अपना वादा पूरा नहीं किया। वादा पूरा न होने पर शिकायत की गई, तो 19 अगस्त को लिखित इकरारनामे के जरिए 23 अगस्त की शाम 7 से 9 बजे के बीच पार्टी तय हुई।
नोटिस के मुताबिक, 23 अगस्त को विशाल पार्टी के इंतजार में दोपहर का खाना छोड़ दिनभर भूखा रहा। तय समय पर शाम 7 और 8 बजे जब फोन लगाया गया, तो गोविंद ने फोन नहीं उठाया और न ही पार्टी में पहुंचे।
दोस्त के इस बर्ताव से आहत विशाल की तबियत बिगड़ गई। रात 10 बजे उसे मजबूरी में महंगे होटल में 1,750 रुपए खर्च कर खाना पड़ा। इसके बाद मानसिक आघात और सीने में दर्द की शिकायत पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जबलपुर रेफर करने की सलाह दी गई। बाद में निजी डॉक्टर से इलाज कराया गया, जिसमें 39,500 रुपए खर्च हुए।
विशाल ने एडवोकेट कमल सिंह ठाकुर के माध्यम से 31 अगस्त को लीगल नोटिस भेजा है। इसमें होटल और इलाज का खर्च मिलाकर 41,250 रुपए तथा नोटिस व्यय 2,000 रुपए, कुल 43.250 रुपए 7 दिन के भीतर चुकाने की मांग की गई है। राशि न मिलने पर अदालत में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।