दमोह

बच्चे को हुए दस्त तो मां से साफ कराया फर्श! दमोह जिला अस्पताल का वीडियो शेयर कर जीतू पटवारी ने उठाए सवाल

Damoh District Hospital : दमोह जिला अस्पताल में फर्श की सफाई करती महिला महिला का वीडियो शेयर करते हुए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सवाल उठाए हैं।
2 min read
• •
Oct 11, 2026
Damoh District Hospital
जीतू पटवारी ने घटना पर उठाए सवाल (फोटो सोर्स: Jitu Patwari Facebook)

Damoh News :मध्य प्रदेश के दमोह के जिला अस्पताल से एक हैरान कर देने वाला दृष्य सामने आया है। यहां बीमार बच्चे का इलाज कराने पहुंची मां से अस्पताल के फर्श पर पोछा लगवाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो साझा कर प्रदेश सरकार और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।

बताया जा रहा है कि, जिले के सिमरिया में रहने वाली महिला अपने बीमार बच्चे को लेकर दमोह के जिला अस्पताल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि, बच्चे को दस्त होने के कारण अस्पताल के फर्श पर गंदगी फैल गई थी। आरोप है कि, इसके बाद अस्पताल के स्टाफ ने बच्चे की मां से ही फर्श साफ करा लिया। यही नहीं, उससे पोछा तक लगवा लिया। हालांकि, मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अबतक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

जीतू पटवारी ने सरकार से किए सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, 'प्रदेशवासियों, ये दृश्य दमोह के सरकारी अस्पताल का है! पोंछा लगा रही महिला मरीज की मां है! ये लाचारी की इंतहा है!'

इसके बाद पटवारी ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि, क्या अस्पताल में स्टाफ की कमी है, कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है या फिर सरकारी धन भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी में खर्च हो रहा है? उन्होंने इस घटना के जरिए एक बार फिर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।

52 सफाईकर्मी, हर महीने लाखों का खर्च

मामले में अस्पताल की सफाई व्यवस्था भी चर्चा में आ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में करीब 52 सफाईकर्मी तैनात हैं। सफाई व्यवस्था पर हर महीने लगभग 8 से 9 लाख रुपए खर्च भी होते हैं। ऐसे में मरीज के परिजन से सफाई कराने के आरोप ने व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

Updated on:
11 Oct 2026 08:57 pm
Published on:
11 Oct 2026 08:39 pm