
Damoh Jabalpur Highway: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में जबलपुर-दमोह स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रुप से घायल हुए हैं। हादसा नोहटा थाना क्षेत्र के पूरनयाऊ के पास हुआ, यहां एक तेज रफ्तार कार और बस के बीच आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पीड़ित परिवार आई-20 कार जिसका चालक रशीद खान निवासी शाहगंज था, में सवार होकर कटनी से सागर की ओर जा रहा था। जैसे ही कार जबलपुर स्टेट हाईवे पर पूरनयाऊ के पास पहुंची, तभी दमोह से गुबरा सिंगपुर की ओर जा रही श्री जैन बस सर्विस' की बस क्रमांक एमपी 34 जेडबी 0720 से उसकी सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति, माया प्रजापति के रूप में हुई है। साथ ही गंभीर घायल में रीना प्रजापति और कार चालक रशीद खान शामिल हैँ। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है।
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी आनंद कलादगी खुद मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर दुर्घटना के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।