
Saurabh Gandharv SDM Damoh: मध्यप्रदेश के दमोह में तीन दिन से कृषि उपज मंडी में व्यवस्थाएं जुटाने में कलेक्टर, एसडीएम की टीम जुटी हुई है, लेकिन व्यवस्था सुधरने की बजाय गड़बड़ा रही हैं। बुधवार को भी व्यापारियों के नीलामी नहीं करने और नीलामी में अनाज के मनमाने भाव खोलने के विरोध में किसान भड़क गए और सागर-दमोह स्टेशन हाइवे पर जाम लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों को मनाने पहुंचे एसडीएम ने पहले जाम हटवाया और बाद में उनके चैंबर में चर्चा करने आए एक किसान को गुस्सा दिखाते हुए उसे बाहर कर दिया।
देखें वीडियो-
किसानों का प्रदर्शन खत्म कराने के बाद जब कुछ किसान SDM सौरभ गंधर्व के केबिन में उनसे बात करने के लिए पहुंचे थे, तभी केबिन में एक किसान को देखकर SDM भड़क गए और उससे कहा- बड़ा नेता बनना है तुझे, नेतागिरी बताउं क्या? यह सुनते ही किसान को पुलिस ने बाहर कर दिया। किसान के साथ एसडीएम सौरभ गंधर्व के व्यवहार पर किसान नेता हरिशचंद पटेल ने आपत्ति व्यक्त की और एसडीएम से उलझते हुए कहा कि इस तरह का व्यवहार नहीं चलेगा, आप स्वयं को शांत रखें। इस घटनाक्रम से एसडीएम चैंबर में कुछ समय के लिए माहौल गर्म हो गया। हालांकि, बाद में एसडीएम मामले में सफाई देते नजर आए।
किसान पर भड़के के बाद एसडीएम सौरभ गंधर्व ने इस पर सफाई भी दी। एसडीएम ने बताया कि तीन दिन से लगातार मंडी की व्यवस्थाएं बनाने प्रयास कर रहे हैं, किसानों के साथ साथ मीटिंग कर रहे हैं। उसके बाद भी सड़क पर प्रदर्शन करना उचित नहीं है। इसे रोकना होगा, इससे आमजन को परेशानी होती है। हम सब समस्या सुन रहे हैं, जो भी समस्या होगी, यहीं समाधान किया जाएगा।
कृषि उपज मंडी में बुधवार को बंपर आवक हुई थी, दमोह के अलावा अन्य जिलों के भी किसान अनाज लेकर पहुंचे थे, लेकिन दोपहर 12 बजे तक व्यापारियों ने डाक शुरू नहीं की। बाद में किसानों का आक्रोश देख डाक शुरू कराई गई तो अनाज के भाव की बोलियां काफी कम दामों में शुरू कराई गई, जिससे किसानों ने आपत्ति व्यक्त की, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई, इससे किसान आक्रोशित हो गए और एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए हाईवे पर पहुंच गए। जहां उन्होंने रोड बंद करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में एसडीएम सौरभ गंधर्व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर जाम खत्म कराया।