दमोह

Damoh News: फिर सड़क पर उतरे किसान, मंडी में तौल न होने से हाईवे पर लगाया जाम

Mandi Protest: कृषि उपज मंडी में तौल नहीं होने से नाराज सैकड़ों किसान मंडी से निकलकर दमोह-छतरपुर हाईवे पर आ गए और जाम लगा दिया, सड़क पर बैठकर किसानों ने रात 9 बजे तक प्रदर्शन किया।
2 min read
Jul 31, 2026
damoh
mandi protest farmers highway block over crop weighing, सड़क पर प्रदर्शन करते किसान (Source- Patrika)

Damoh Mandi Protest: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के बटीयागढ़ में कृषि उपज मंडी में पिछले तीन-चार दिनों से तौल नहीं होने और बारदाने की कमी से परेशान किसानों का आक्रोश शुक्रवार रात फूट पड़ा। रात करीब साढ़े 8 बजे सैकड़ों किसानों ने मंडी परिसर से निकलकर दमोह-छतरपुर मुख्य मार्ग (बायपास) पर जाम लगा दिया। किसानों के सड़क पर बैठते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

मंडी में तौल न होने से किसान नाराज

किसानों का आरोप है कि वे कई दिनों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अपनी उपज लेकर मंडी में खड़े हैं, लेकिन न तो समय पर तौल हो रही है और न ही पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा है। तौल की गति बेहद धीमी होने के कारण किसानों को दिन-रात मंडी में ही रुकना पड़ रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारदाना उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी मात्रा में अनाज खुले में पड़ा हुआ है। किसानों का कहना है कि लगातार मौसम बदलने और बारिश की संभावना के बीच उनकी फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। कई किसानों ने बताया कि वे चार दिन से मंडी में डेरा डाले हुए हैं, लेकिन अब तक उनकी उपज की तौल शुरू नहीं हो सकी है।

नायब तहसीलदार ने किसानों को समझाया

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने प्रशासन और मंडी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि बार-बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कोमल आठ्या और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया तथा उनकी मांगों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने भी यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास किया, लेकिन किसानों के सड़क पर बैठे रहने से कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा।

किसानों की प्रमुख मांग

किसानों की प्रमुख मांग है कि मंडी में तत्काल पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाए, तौल कार्य के लिए अतिरिक्त संसाधन लगाए जाएं और कई दिनों से इंतजार कर रहे किसानों की उपज की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र तौल कराई जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Updated on:
31 Jul 2026 09:40 pm
Published on:
31 Jul 2026 09:40 pm