mp news: गांव के ही युवक ने मासूम की हत्या की, घटना से गांव में फैली सनसनी।
mp news: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलुवा पट्टी गांव में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 5 वर्षीय मासूम बच्चे की पत्थर पटककर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मासूम शाम के वक्त घर के पास ही चबूतरे पर खेल रहा था तभी गांव के ही एक युवक ने उसके सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए।
मृतक बालक देवेंद्र पिता भगत सिंह उम्र 5 वर्ष, शाम को घर के पास चबूतरे पर खेल रहा था। इसी दौरान गांव के ही युवक सतीश ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसके सिर पर पत्थर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद शव को जिला अस्पताल स्थित शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मृतक के दादा रूप सिंह ने बताया कि हमले के कारणों की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बनवार चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी सतीश से पूछताछ कर हत्या के पीछे का कारण पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।