MP News: दमोह जिले में सागर स्टेट हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा, उद्यानिकी कार्यालय के सामने बाइक को कार ने मारी टक्कर, बस स्टैंड के पास लावारिस खड़ी मिली कार।
MP News: मध्यप्रदेश के दमोह में सागर स्टेट हाईवे पर मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब भाजपा नेता बाइक से मंदिर से अपने गांव लौट रहे थे तभी उद्यानिकी कार्यालय के सामने उनकी बाइक को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक कार को बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गया है।
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत उद्यानिकी कार्यालय के सामने भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ठाकुर 45 वर्ष की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया है कि बांसा तारखेड़ा निवासी भाजपा नेता देवेंद्र ठाकुर मंगलवार शाम लक्ष्मण कुटी मंदिर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही भोपाल पासिंग कार क्रमांक एमपी 04 एसजे 0999 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि देवेन्द्र ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया है कि हादसे के बाद कार चालक सागर मार्ग स्थित निर्माणाधीन नए बस स्टैंड के पास पहुंचा और वहां पर कार को छोड़कर फरार हो गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली है।
पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि कार सवारों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से एफएसएल टीम भी बुलाई गई है, जो घटनास्थल का परीक्षण करेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के सही कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही विधायक जयंत मलैया भी घटनास्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही मौके पर जिलाध्यक्ष सहित काफी संख्या में भाजपाई भी पहुंचे। इसी बीच परिजनों ने घटना को सड़क हादसा नही होने की बात कही। उन्होंने कहा की यह जानबूझकर की गई हत्या है। देवेन्द्र ठाकुर की मौत से स्थानीय भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।