
saas bahu dispute over vegetable led
Saas-Bahu: सास-बहू के बीच झगड़े होना लगभग हर दूसरे घर की कहानी है लेकिन मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में सास-बहू के झगड़े का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सास-बहू के बीच सब्जी बनाने को लेकर शुरु हुए विवाद ने उस वक्त बड़ा रूप ले लिया जब बहू ने मायके से लोगों को बुलवाकर सास की पिटाई करवा दी। घटना में सास को गंभीर चोट आई और उसे पांच दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ दिन बाद अब सास ने अपनी बहू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है।
सब्जी को लेकर सास-बहू में हुए विवाद की ये घटना ग्वालियर शहर के गोला का मंदिर इलाके की है। जहां नारायण विहार स्थित घर में रहने वाली गुड्डी प्रजापति ने बीते दिनों 27 मार्च को राम नवमी के दिन घर में कन्या भोज का आयोजन किया। कन्या भोज के लिए सास गुड्डी ने बहू सोनम से खीर, पूड़ी के साथ सब्जी बनाने के लिए कहा था। सब्जी बनाने को लेकर सास गुड्डी और बहू सोनम के बीच विवाद शुरू हो गया। बहू सोनम ने सब्जी बनाने से इंकार किया तो सास ने उसे जमकर खरी-खोटी सुना दी।
सब्जी बनाने को लेकर सास-बहू के बीच हुए इस विवाद ने उस वक्त बड़ा रूप ले लिया जब सास की खरी-खोटी सुनकर बहू सोनम ने अपने मायके वालों को ससुराल बुला लिया। सोनम के मायके वालों के ससुराल आने के बाद फिर से विवाद हुआ और सोनम के भाई व मां ने मिलकर सास गुड्डी प्रजापति के साथ मारपीट कर दी। आरोपी है कि इस दौरान सोनम की मां ने समधन गुड्डी बाई का गला दबाया जिससे उनकी नाक से खून निकलने लगा। मारपीट करने के बाद सोनम के मायके वाले वहां से चले गए।
मारपीट में सास गुड्डी प्रजापति को चोटें आई थीं जिसके कारण उसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में 5 दिन तक गुड्डी भर्ती रहीं और उनका इलाज चला। अस्पताल से छुट्टी मिलने के करीब 44 दिन बाद अब सास गुड्डी ने पुलिस थाने पहुंचकर अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़ित सास की शिकायत पर बहू सोनम के भाई राहुल, नितिन, अरुण व दो महिलाओं देवी व वैजयंती के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
Updated on:
12 May 2026 06:40 pm
Published on:
12 May 2026 06:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
