mp news: नवविवाहिता के परिजनों ने पति व ससुराल पक्ष पर लगाया प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप।
mp news: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा के खमरगौर गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तत्काल हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने पति व ससुरालवालों पर प्रताड़ित करने के साथ ही हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर हर से मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले के थाना अमानगंज अंतर्गत ग्राम पिपरवाह निवासी आरती अहिरवार की शादी करीब दस महीने पहले खमरगौर गांव के रहने वाले दशरथ चौधरी से हुई थी। मृतका आरती के परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद तक तो सबकुछ ठीक रहा लेकिन फिर ससुरालवालों ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया। पति व ससुरालवाले पैसों की मांग करते हुए आरती को प्रताड़ित करने लगे थे। आरती को जान से मारने की धमकियां देते थे, शुरूआत में तो आरती ने सबकुछ सहन किया लेकिन जब बात हद से गुजर गई तो अपने माता-पिता को ससुराल वालों के द्वारा प्रताड़ित करने के बारे में बताया था।
परिजन के मुताबिक आरती के द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात बताए जाने के बाद हम उसे वापस माये ले आए थे। मृतका के भाई राकेश अहिरवार के अनुसार, लगभग एक महीने पहले आरती का पति दशरथ चौधरी मायके आया और आरती को वापस अपने साथ ले गया था। उस वक्त परिवारवालों ने दशरथ को साफ-साफ कहा था कि आरती को वापस ले जा रहे हो लेकिन उसे किसी भी प्रकार से प्रताड़ित मत करना। अब पता चला है आरती ने फांसी लगा ली है। भाई राकेश अहिरवार ने आरोप लगाया है कि पति दशरथ ने ही परिवारवालों के साथ मिलकर आरती की हत्या की है और शव को फंदे पर लटकाया है। थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि महिला के फांसी लगाने का मामला सामने आया है। मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।