दमोह

अग्रवाल परिवार के सगाई समारोह में भड़की आग, 1 की मौत, दमोह के रॉयल दमयंती पैलेस की घटना

Royal Damyanti Palace Fire: रायपुर के भाटापारा से आई थी कैटरिंग टीम, गैस पाइप लाइन फटने से अचानक भड़की आग, कैटरिंग टीम के एक कर्मचारी की मौत, 2 कर्मचारी गंभीर रुप से झुलसे।
2 min read
Sep 19, 2026
Damoh Royal Damyanti Palace Fire
royal damyanti palace fire incident catering worker death, सगाई समारोह में भड़की आग के बाद मौके पर मौजूद लोग (Source-Patrika)

Damoh Royal Damyanti Palace Fire: मध्यप्रदेश के दमोह के देहात थाना क्षेत्र में जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत रॉयल दमयंती पैलेस में सगाई समारोह के दौरान खाना बनाते समय गैस पाइप लाइन फटने से अचानक आग भड़क गई। हादसे में कैटरिंग टीम के तीन कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय और राजा बाबू का उपचार जारी है।

खाना बनाते समय अचानक भड़की आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रॉयल दमयंती पैलेस में अग्रवाल परिवार का सगाई समारोह चल रहा था। कार्यक्रम के लिए रायपुर के भाटापारा से कैटरिंग टीम बुलाई गई थी। समारोह के लिए खाना तैयार किया जा रहा था, इसी दौरान गैस पाइप लाइन फट गई और अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से खाना बना रहे कैटरिंग कर्मी झुलस गए।

अफरा-तफरी के बीच अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। होटल स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय और राजा बाबू को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। आग से प्रभावित अन्य लोगों को भी अस्पताल लाए जाने की जानकारी सामने आई है।

अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार रॉबिन जैन, सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैस पाइप लाइन फटने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि समारोह स्थल पर गैस कनेक्शन और खाना पकाने की व्यवस्था किस तरह की गई थी। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Updated on:
19 Sept 2026 05:18 pm
Published on:
19 Sept 2026 05:18 pm