दमोह

‘भगवान को भी नहीं छोड़ा’, दमोह के जैन मंदिर में दर्शन कर गुल्लक साफ कर गया चोर, सामने आई तस्वीर

Theft At Damoh Jain temple : जैन मंदिर के गुल्लक का ताला तोड़कर दिनदहाड़े चोरी की गई। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात। वीडियो के आधार पर चोर की तलाश में जुटी पुलिस।
2 min read
Aug 31, 2026
Theft At Damoh Jain temple
दमोह के नसियाजी जैन मंदिर में चोरी (फोटो सोर्स: Temple CCTV)

Damoh News :मध्य प्रदेश के दमोह शहर के मुख्य बाजार इलाके में स्थित नसियाजी जैन मंदिर में बीती शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पता चला कि किसी चोर ने गुल्लक का ताला तोड़कर चोरी कर ली है। सीसीटीवी देखे गए तो पता चला कुछ समय पहले ही चोरी की वारदात हुई थी, इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और निशानदेही के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है।

सिटी कोतवाली इलाके के राय चौराहा से पलंदी चौराहा मुख्य रोड पर स्थित दिगम्बर जैन नसियाजी जैन मंदिर में चोरी की ये वारदात हुई है। मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात के साथ साथ चोर की तस्वीरें भी कैद हुई हैं।

सीसीटीवी में कैद हुई ये वारदात

पुलिस को मिले फुटेज के अनुसार, शाम करीब 4.30 बजे एक 55 से 60 साल का व्यक्ति क्रीम कलर का सफारी सूट, एक बैग और गमछा टांगे हुए मंदिर में प्रवेश करता है। उसने आम भक्त की तरह चप्पल मंदिर के बाहर उतारी और सीधे प्रथम तल पर स्थित भगवान की वेदियों के पास पहुंचा। यहां पहले उसने पूजा की। इसके बाद मुख्य तिजोरी गुल्लक के ऊपर रखे एक छोटे डिब्बानुमा गुल्लक का ताला खोलने के लिए पहले जेब से निकाली चाबी से प्रयास किया, लेकिन असफल होने पर किसी अन्य वस्तु से ताला तोड़ दिया। इसके बाद नकदी और चिल्लर बैग में रखकर चुपचाप बाहर निकल गया। बाहर भी किसी सामान्य व्यक्ति की तरह उसने मंदिर के सामने से ही ऑटो पकड़ा और राय चौराहा की तरफ निकल गया।

कर्मचारी ने गुल्लक का ताला टूटा देखा

बाद में मंदिर के काम में लगे कर्मचारी ने गुल्लक का ताला टूटा हुआ देखा और सूचना मंदिर के प्रबंधक को दी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखे गए, जिसमें १५ मिनट में दिनदहाड़े हुई इस वारदात की कहानी सामने आई। बाद में सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। टीआई मनीष कुमार सहित टीम मौके पर पहुंची और विवेचना शुरू की गई। तत्काल ही कंट्रोल रूम में संदिग्ध चोर की तस्वीर भेजी गई और शहर में लगे कैमरों की मदद से उसे पकडऩे के प्रयास किए गए, लेकिन देर शाम तक कुछ भी पता नहीं सका था।

किसी जानकार की तरह आया था चोर

आमतौर पर मंदिर में दोपहर 3 से 4 के बीच कोई नहीं रहता है। मंदिर की ओपन सीढ़ी होने के कारण बंद भी नहीं रहती। ऐसे में स्पष्ट है कि, पहले पूरी तरह जानकारी जुटाने के बाद ही चोर ने मंदिर में प्रवेश किया और बिना कोई देरी किए वारदात को अंजाम देकर चुपचार फरार हो गया। खास बात ये है कि, एक गुल्लक से राशि चुराने के बाद उसने दूसरे गुल्लक से चोरी करने का प्रयास नहीं किया। साथ ही, अन्य कोई सामग्री या आभूषण आदि भी चोरी नहीं किए।

जांच में जुटी पुलिस

मामले को लेकर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार का कहना है कि, मंदिर प्रबंधन की ओर से मिली शिकायत के आदार पर चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की वारदात की पुष्टि हुई है। पुलिस तंत्र को भी सक्रीय कर दिया गया है। जल्द ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।

Updated on:
31 Aug 2026 07:12 am
Published on:
31 Aug 2026 07:12 am