दंतेवाड़ा

छत्तीसगढ़ में आसमानी आफत! आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोग झुलसे, एक महिला की मौत

Lightning Death News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार साप्ताहिक बाजार में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर है।

3 min read
Chhattisgarh Lightning Strike
आकाशीय बिजली गिरने महिला की मौत (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Lightning Strike: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार को मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। जिले के चंदेनार साप्ताहिक बाजार में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचे हुए थे। अचानक मौसम बदला, तेज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।

Chhattisgarh Lightning Strike: खरीदारी के बीच टूट पड़ा आसमानी कहर

जानकारी के मुताबिक, चंदेनार का साप्ताहिक बाजार इलाके का प्रमुख बाजार माना जाता है, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने पहुंचते हैं। मंगलवार को भी बाजार में अच्छी-खासी भीड़ थी।

इसी दौरान अचानक बादल छाने लगे और तेज गर्जना शुरू हो गई। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही बाजार के बीचों-बीच आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में कुल 11 लोग इसकी चपेट में आ गए। इनमें एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई लोग जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग घायल लोगों को बचाने और सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुट गए।

एक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल हुए सभी लोगों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। गंभीर रूप से घायल मरीज पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया तथा घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल देखा गया।

अगले पांच दिन तक अंधड़ और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों में अंधड़, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

Chhattisgarh Lightning Strike: भीषण गर्मी और मौसम बदलाव का असर

प्रदेश में लगातार बदलते मौसम और भीषण गर्मी का असर वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। इसी बीच मरवाही वनमंडल के पिपरिया गांव से लगे जंगल में गर्मी और लू के कारण एक मादा भालू की मौत की खबर भी सामने आई है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

कई जिलों में दर्ज हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक 30 मिलीमीटर बारिश गरियाबंद जिले में रिकॉर्ड हुई। वहीं सुकमा और सूरजपुर के रामानुजनगर में 20-20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Updated on:
02 Jun 2026 08:01 pm
Published on:
02 Jun 2026 07:56 pm