
दतिया। दतिया में उपचुनाव को लेकर भाजपा के अंदर ही बगावत जैसी स्थिति सामने आ गई। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटा तो उनके समर्थक भड़क गए और प्रदर्शन करने लगे। नाराज बताए जा रहे नरोत्तम मिश्रा दिल्ली पहुंच गए, तो वहीं अब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने दतिया में एक बैठक की। इसमें उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी शामिल हुए। बैठक को लेकर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी और राजनीतिक दल है। अगर कुछ गड़बड़ी या नाराजगी है तो हम उसे सुलझा लेंगे।
कांग्रेस के उम्मीदवार पर उन्होंने कहा कि हमारे सामने कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। कौन लड़ रहा है, यह हम नहीं जानते। हम बस यह जानते हैं कि हमारे सामने चुनाव लड़ने वाली पार्टी कांग्रेस है, जिसने प्रदेश और देश में कोई काम नहीं किया है। जनता उन्हें बहुत अच्छे से जानती है और नतीजों में यह देखने को मिलेगा। दतिया में पार्टी की बैठक पर उन्होंने कहा कि बैठक है, जब चुनाव आते हैं तो हमारी बैठक होती ही है। इस बैठक में वरिष्ठ नेता शामिल होते हैं। यह सब चुनाव का हिस्सा है।
वहीं, भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने कहा कि आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं समेत तमाम लोग दतिया में हैं और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे, चुनाव की रणनीति बनाएंगे। कांग्रेस के उम्मीदवार पर उन्होंने कहा कि कई लोग चुनावी मैदान में हैं, उन्हें भी चुनाव लड़ने का हक है। उन्हें अपने काम के दम पर वोट मांगना चाहिए। भाजपा में नाराजगी पर उन्होंने कहा कि सब परिवार के ही लोग हैं। हम सभी ने शुरुआत में जमीनी स्तर पर भाजपा के लिए साथ मिलकर काम किया है। हम सब साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करेंगे और मजबूती से साथ खड़े रहेंगे।
नरोत्तम मिश्रा के प्रचार में शामिल होने के सवाल पर आशुतोष तिवारी ने कहा कि वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं, जरूर प्रचार में शामिल होंगे। वह मेरे व्यक्तिगत अभिभावक हैं। हम सालों से साथ में काम कर रहे हैं और उनके मार्गदर्शन में हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को यहां पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन से मिलाकात की और दतिया में हुए विरोध- प्रदर्शन पर अपना पक्ष रखा।
गौरतलब है कि भाजपा ने दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। दतिया मिश्रा के निर्वाचन क्षेत्र रहा है। वह 2023 में हुए विधानसभा क्षेत्र में यहां से कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती से हार गए और पार्टी ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया था, जिससे नाराज उनके समर्थकों ने शनिवार को हिंसक प्रदर्शन किया था। नबीन से मिलने के पहले मिश्रा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि मुझे टिकट नहीं मिला, लेकिन मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। हर कोई टिकट चाहता है, लेकिन हर किसी को टिकट नहीं मिल सकता। पार्टी ने मुझे जरूरत से ज्यादा दिया है।