
Datia News :मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद अब सबकी निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं। इससे पहले शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम को सुरक्षा घेरे में बदल दिया गया है। यहां रखी गई 291 ईवीएम की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। 50 से अधिक पुलिस जवानों के साथ अधिकारियों की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की गई है, ताकि मतगणना तक किसी भी तरह की चूक की संभावना बाकी न रह सके।
तय व्यवस्था के आधार पर पॉलीटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम के भीतर ईवीएम के पास 20 सशस्त्र जवान लगातार तैनात रहने की जिम्गेमेदारी मिली हुई है।परिसर की सुरक्षा के लिए अलग से अलग से 20 जवान और बाहरी सुरक्षा घेरा संभालने के लिए 15 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पूरी सुरक्षा व्यवस्था मतगणना पूरी होने तक बिना किसी व्यवधान के जारी रहेगी।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि, सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों की तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। नरेश पाल रात 12 से सुबह 8 बजे तक, शिवचरण ङ्क्षसह माहौर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक और पंकज ङ्क्षसह शाम 4 से रात 12 बजे तक स्ट्रांग रूम की निगरानी करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए स्ट्रांग रूम के भीतर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। इसके लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी लगाई गई है, ताकि हर गतिविधि की निगरानी होती रहे। प्रशासन ने मतगणना दिवस की तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली हैं। प्रत्येक प्रत्याशी की ओर से 22 एजेंटों को प्रवेश की अनुमति होगी। इनमें 20 एजेंट मतगणना कक्ष में मौजूद रहकर प्रत्येक राउंड की गणना पर नजर रखेंगे, जबकि दो अतिरिक्त एजेंट रिजर्व के रूप में अधिकृत रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि मतगणना पूरी तरह पारदर्शी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराई जाएगी।