दतिया

दतिया कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर आरोप, ‘राजपरिवार की मर्यादाओं-परंपराओं का किया उल्लंघन’

Datia by-Election : राज परिवार के रिश्तेदारों ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह पर आरोप लगाए। बोले- उन्होंने राजपरिवार की मर्यादाओं और परंपराओं का उल्लंघन किया।
2 min read
Datia by-Election
Datia by-Election (दतिया कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर आरोप Photo Source- Input)

Datia News :मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में दतिया राजपरिवार के बीच चल रहा विवाद खुलकर सामने आया है। मंगलवार को संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान राज परिवार के रिश्तेदार हेमलता और राहुल देव सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह पर राजपरिवार की मर्यादाओं और परंपराओं का उल्लंघन करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मीडिया के साथ चर्चा के दौरान उन्होंने ये भी कहा कि, ये उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट पर होने वाला चुनाव ही नहीं है, बल्कि दतिया की ऐतिहासिक प्रतिष्ठा, संस्कृति, गौरव और राज परंपराओं के सम्मान से जुड़ा हुआ भी चुनाव है। हेमलता ने ये भी कहा कि, 4 नवंबर 2020 का दिन दतिया राज परिवार के इतिहास का सबसे दुखद दिन गुजरा था। उनका आरोप था कि, संपत्ति विवाद के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें तथा पृथ्वीराज को संपत्ति से बेदखल करने का प्रयास किया गया था।

डराने-धमकाने और अपमानित करने की कोशिश

मीडिया से चर्चा के दौरान हेमलता द्वारा दावा किया गया कि, जब वे राहुल देव सिंह के निवास पर पहुंचीं थी तो वहां भी उन्हें डराने - धमकाने और अपमानित करने की कोशिश की गई थी। उन्होंने ये भी कहा कि, उस कठिन समय में राहुल देव सिंह ने राज परिवार की गरिमा और सम्मान की रक्षा की थी। वहीं, राहुल देव सिंह ने आरोप लगाया कि, उनके राज्याभिषेक के समय राज परिवार की परंपराओं का बहिष्कार किया गया और अभद्र भाषा का प्रयोग कर परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई थी।

हेमलता का दावा

उन्होंने दावा किया कि, संपत्ति विवाद से जुड़े दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं, जो पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करते हैं। उनका कहना था कि, जो व्यक्ति अपने ही परिवार की मर्यादा और सम्मान का ध्यान नहीं रख सका, वो जनता के सम्मान की रक्षा कैसे करेगा।

मतदाताओं से आग्रह

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि, यह चुनाव विकास, सम्मान और परंपरा की रक्षा का अवसर है। उन्होंने मतदाताओं से किसी भी भ्रम या बहकावे में नहीं आने के साथ - साथ दतिया की गरिमा, संस्कृति और विकास के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया है।

Updated on:
29 Jul 2026 06:54 am
Published on:
29 Jul 2026 06:54 am