दतिया

दतिया उपचुनाव : शिवराज सिंह बोले- हम सेवा के लिए राजनीति करते हैं शौक और धंधे के लिए नहीं

Datia By-Election : दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में बसई में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
2 min read
Datia By-Election
Datia By-Election (केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह बसई पहुंचे Photo Source- Shivraj Singh Chouhan X Handle)

Datia News :मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में रविवार को बसई में आयोजित आमसभा आयोजित की गई, जिसमें शामिल हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि, भाजपा के लिए राजनीति न तो शौक है और न ही धंधा, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। पार्टी का उद्देश्य विकसित मध्य प्रदेश और विकसित भारत का निर्माण करना है।

भाजपा शासन में हुआ अपराधों का अंत

सभा की शुरुआत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, पार्टी ने उन्हें बसई की जनता से मिलने का अवसर दिया, जिसके लिए वो आभारी हैं। बसई उनके दिल में बसता है। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस के शासनकाल को याद करने का आग्रह करते हुए कहा कि, एक समय प्रदेश में अपहरण, डकैती और अपराध का भय व्याप्त था। लोग शाम के बाद घरों से निकलने से डरते थे, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश डकैत मुक्त हुआ और कानून व्यवस्था मजबूत हुई। कांग्रेस के समय प्रदेश की सड़कें जर्जर थीं और बिजली की स्थिति भी बेहद खराब थी। शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। भाजपा सरकार ने इन सभी क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए।

कांग्रेस ने क्षेत्र के विकास में कोई काम नहीं किए

बसई में लगभग 80 करोड़ रुपए की लागत से मुख्यमंत्री राइज स्कूल बनाया गया, जहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल मैदान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके। शिवराज सिंहचौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। सडक़, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। दतिया में मेडिकल, वेटनरी और फिशनरी कॉलेज की स्थापना भी इसी विकास सोच का परिणाम है, जबकि कांग्रेस ने कभी इस दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए।

अब देंगे लखपति दीदी बनने का अवसर

महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, 'लाड़ली बहना योजना' मध्य प्रदेश से शुरू होकर देश के कई राज्यों में लागू हो गई है। प्रधानमंत्री ने अब 'लखपति दीदी' अभियान की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके तहत महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि, देशभर में 6 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मध्य प्रदेश को 15 लाख मकानों की स्वीकृति मिली है, जिसका लाभ बसई समेत पूरे क्षेत्र के गरीब परिवारों को मिलेगा।

आमसभा में शामिल हुए ये दिग्गज

सभा के अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विधायक चुनने से विकास की गति नहीं बढ़ेगी, बल्कि पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आशुतोष तिवारी आगे बढ़ाएंगे और क्षेत्र में विकास करेंगे। आमसभा को मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, चंबल संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, सांसद भारत सिंह कुशवाह और प्रीतम सिंह लोधी ने भी संबोधित किया।

Updated on:
27 Jul 2026 06:29 am
Published on:
27 Jul 2026 06:29 am