दतिया

दतिया उपचुनाव का मतदान आज, 2.20 लाख मतदाताओं के हाथ में लोकतंत्र का फैसला

Datia By-Election : 2,500 सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में दतिया उपचुनाव का मतदान आज, 2.20 लाख मतदाता करेंगे लोकतंत्र का फैसला। 291 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान। हर बूथ पर सीसीटीवी की नजर।
2 min read
Datia By-Election
Datia By-Election (दतिया उपचुनाव का मतदान आज Photo Source- Patrika)

Datia News :मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा के लिए उपचुनाव का दिन है। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। बता दें कि, एक दिन पहले ही मंगलवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वीवीपैट और अन्य चुनाव सामग्री के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके निर्धारित मतदान केंद्रों पर रखवा दिया गया है।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, सभी मतदान दल बुधवार शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं, जहां उनके द्वारा मतदान संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया जा चुका है और वहीं, रात्रि विश्राम किया गया। इससे आज सुबह निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू कराई जा सके।

मताधिकार का प्रयोग करेंगे 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता

इस उपचुनाव में कुल 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 16 हजार 116 पुरुष और 1 लाख 4 हजार 284 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि मतदान में बड़ी संख्या में मतदाता भाग लेकर लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी 291 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ), जिला पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। चुनाव ड्यूटी में करीब 2,500 सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। इनमें केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की 16 कंपनियों के लगभग 1,600 जवान, एसएएफ के 150 जवान, जिला पुलिस के 600 जवान और होमगार्ड के 200 जवान शामिल हैं।

हर गतिविधि पर नजर

निर्वाचन आयोग ने प्रत्येक मतदान केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की है, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाएगा। स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र पर भी बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी तथा सुरक्षा बलों की निगरानी में मतगणना तक ईवीएम सुरक्षित रखी जाएंगी।

बॉक्स : एक नजर में

-मतदान की तारीख: 30 जुलाई
-मतदान समय: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
-कुल मतदान केंद्र: 291
-कुल मतदाता: 2,20,400
-तैनात सुरक्षाकर्मी: करीब 2,500
-सीसीटीवी निगरानी: सभी मतदान केंद्रों पर

Updated on:
30 Jul 2026 06:31 am
Published on:
30 Jul 2026 06:31 am