
Datia Narottam Mishra SP Statement: मध्यप्रदेश के दतिया में होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। गुरुवार को नरोत्तम मिश्रा पहली बार बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के लिए चुनाव प्रचार पर पहुंचे और दतिया में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान नरोत्तम मिश्रा अपने पुराने अंदाज में नजर आए। उन्होंने दतिया में समर्थकों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर मंच से नाराजगी जताई और एसपी को दो टूक शब्दों में चेतावनी भी दी।
नरोत्तम मिश्रा ने मंच से सबसे पहले तो समर्थकों का दिल से धन्यवाद दिया और फिर कहा कि 'एसपी साहब सुन लें..मैं भूलने वाले लोगों में से नहीं हूं, मैं याद रखता हूं, दोस्ती हो या दुश्मनी सब याद रखता हूं'। नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा- अगर आपको चक्काजाम खुलवाना था तो आप खुलवाते, पुलिसकर्मियों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की इसके वीडियो हैं हमारे पास, आप चक्काजाम खुलवाते आपने कार्यालय में आंसू गैस के गोले क्यों छोड़े, क्या कार्यालय की बिल्डिंग सड़क पर लगती है।
देखें वीडियो-
नरोत्तम मिश्रा ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- 'आप लोग मेरा टिकट कटने के बाद नारे लगा रहे हैं भाजपा से बदला लेना है, आशुतोष से बदला लेंगे, अरे बदला लेना है तो कांग्रेस से लो, पुलिस प्रशासन से लो'। नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा- आशुतोष में इतनी क्षमता नहीं है कि मेरा टिकट काट दे, मेरा टिकट काटने वाले कोई और हैं, वहां तक तुम्हारी क्षमता नहीं है जाने की, वहां हम बात करेंगे। तुम जानते हो हम ठहरेंगे नहीं, बात करेंगे। तो ब्रह्ममास्त्र गलत जगह मत दागो दोस्तों, ब्रह्ममास्त्र सही जगह दागो, गलत जगह दाग दिया तो चूक जाओगे।
इस दौरान नरोत्तम मिश्रा ने मंच से कार्यकर्ताओं से अपनापन जताते हुए आगे कहा- आप मेरे दिल के नजदीक हो, ये तुमने साबित कर दिया। इससे बड़ी क्या उपलब्धि चाहिए, इसके आगे क्यो कोई विधायकी लगती है। मध्य प्रदेश में 230 एमएलए हैं, लेकिन चर्चा में नरोत्तम मिश्रा है, दतिया से मेरे दिल का रिश्ता है, तुम लोग जगह दोगे तो दूसरा आएगा। नरोत्तम मिश्रा ने कहा रानजीति खो खो का खेल है, ये लोग पीछे खो देने को बैठे रहते हैं।
दतिया उपचुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है। इसके बाद 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। वहीं, उम्मीदवार 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को होगा, जबकि मतों की गणना 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को पूरी कर ली जाएगी।