
BJP offers to Awadhesh Nayak
Datia Bypoll 2026- दतिया उपचुनाव के सियासी संग्राम के बीच कांग्रेस नेता अवधेश नायक भी इन दिनों सुर्खियों में हैं। आज वे भाजपा ज्वाइन करने का फैसला कर सकते हैं। पत्रिका से बातचीत में अवधेश ने कहा है कि भाजपा की ओर से प्रस्ताव मिला है, गुरुवार को अंतिम फैसला ले लूंगा। इस बीच गुरुवार को दोपहर में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का भी बयान आया है, उन्होंने कहा है कि अवधेश का भविष्य भाजपा में ही है। गौरतलब है कि अवधेश नायक कभी भाजपा में थे, लेकिन कुछ समय पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे, लेकिन कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से वे नाराज हैं।
दरअसल, इसके पीछे की वजह यह है कि भाजपा अवधेश नायक पर लगातार डोरे डाल रही है। पहले भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और फिर मंत्री राकेश शुक्ला नायक के निवास पर पहुंच गए। बुधवार को ग्वालियर भाजपा के वरिष्ठ नेता और साडा के पूर्व अध्यक्ष जय सिंह कुशवाहा भी मिलने पहुंचे। जिसके बाद से नायक द्वारा कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में आने की चर्चाएं और तेज हो गईं हैं।
इसी बीच पत्रिका ने अवधेश से भाजपा जॉइन करने का सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से प्रस्ताव मिला है। अभी फैसला नहीं लिया, लेकिन गुरुवार को अंतिम फैसला प्रस्ताव देने वाले को बता दूंगा।
नायक ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वर्तमान घटनाक्रम से उनका मन राजनीति से उचट गया है। इसलिए एक मन यह भी कर रहा है कि तीर्थयात्रा पर निकल जाएं और राजनीति से दूर हो जाएं।
जब से भाजपा ने दतिया से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटा है, तब से भाजपा कांग्रेस दोनों दलों में नायक की अहमियत बढ़ गई है। दरअसल भाजपा टिकट बदली से होने वाले डैमेज पर कंट्रोल पाने नायक को अपने पाले में करना चाहती है। क्योंकि नायक भाजपा के पुराने नेता हैं, और वोटर्स में पकड़ भी है। वहीं कांग्रेस जातीय समीकरण साधने नायक का समर्थन चाहती है।
नायक अवधेश नायक ने कहा- मैं सबसे ज्यादा इस बात से आहत हूं कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम भेजने के बावजूद दिग्विजय सिंह द्वारा मेरे नाम को कटवा दिया गया। जिन्हें पार्टी ने टिकट दिया है उनका दतिया से कोई लेना-देना नहीं है। उनका हमेशा से कार्यक्षेत्र सेंवढ़ा रहा है। लेकिन, दिग्विजय सिंह ने लॉबिंग कर उन्हें टिकट दिलवा दिया। यदि टिकट राजेंद्र भारती के परिवार में किसी को देते तो मुझे आपत्ति नहीं होती। इस लॉबिंग से मुझे ठेस पहुंची है।
गुरुवार को मध्यप्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का बयान सामने आया है। उन्होंने कांग्रेस नेता अवधेश नायक को लेकर बयान दिया है। भाजपा में ही अवधेश नायक का भविष्य है। उन्हें सोच समझकर फैसला लेने की सलाह दी है। गौरतलब है कि एक दिन पहले भाजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है। इस पर अवधेश नायक ने गुरुवार को फैसला लेने की बात कही है।
Updated on:
16 Jul 2026 04:11 pm
Published on:
16 Jul 2026 04:11 pm
