दौसा

अब LPG की टेंशन खत्म? राजस्थान के 4 जिलों को मिलेगी प्राकृतिक गैस की सौगात, बिछेगी 565KM गैस पाइपलाइन

Rajasthan Natural Gas Pipeline: अंतरराष्ट्रीय हालातों के चलते राजस्थान में एलपीजी गैस आपूर्ति में आ रही परेशानियों के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। राजस्थान के चार जिलों को जल्द ही प्राकृतिक गैस की सौगात मिलने वाली है।
2 min read
May 22, 2026
Rajasthan Natural Gas Pipeline
प्राकृतिक गैस के लिए राजस्थान के चार जिलों में बिछेगी स्टील पाइपलाइन। Photo: AI generated

दौसा। अंतरराष्ट्रीय हालातों के चलते राजस्थान में एलपीजी गैस आपूर्ति में आ रही परेशानियों के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। राजस्थान के चार जिलों को जल्द ही प्राकृतिक गैस की सौगात मिलने वाली है। इन जिलों के लिए करीब 565 किलोमीटर तक स्टील पाइपलाइन बिछाने की तैयारी है। अच्छी बात ये है कि दौसा जिले के बांदीकुई में प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के जरिए घर-घर गैस पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की टीम ने गुरुवार को बांदीकुई पहुंचकर सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है।

हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के भौगोलिक क्षेत्र प्रमुख अधिकारी कुलदीप सोनी ने विधायक जनसुनवाई कार्यालय में विधायक भागचंद टांकड़ा से मुलाकात कर परियोजना पर चर्चा की। इसके बाद अधिकारियों ने शहर का निरीक्षण कर पाइपलाइन बिछाने की संभावनाओं का आकलन किया। अधिकारियों के अनुसार दो से तीन सप्ताह में सर्वे पूरा होने के बाद घरेलू, औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

सीएनजी स्टेशन से मिलेगा सस्ता ईंधन

बांदीकुई शहर में सीएनजी पेट्रोल पंप का निर्माण भी अंतिम चरण में है। इसके शुरू होने से वाहन चालकों को सस्ता ईधन मिलेगा और प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है।

छह माह में शुरू हो सकता है पहला कनेक्शन

परियोजना के तहत बांदीकुई में एमडीपीई नेटवर्क विकसित कर गैस आपूर्ति को मजबूत किया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि पाइपलाइन कार्य शुरू होने के बाद करीब छह माह में पहला घरेलू गैस कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा। विधायक भागचंद टांकड़ा ने बताया कि गैस संकट को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष यह मुद्दा उठाया था, जिसके बाद हिन्दुस्तान पेट्रोलियम को अधिकृत किया गया। उन्होंने कहा कि पहला प्राकृतिक गैस कनेक्शन किसी मंदिर या विद्यालय से शुरू किया जाएगा।

चार जिलों में बिछेगी 565 किमी पाइपलाइन

योजना के तहत दौसा, करौली, सवाईमाधोपुर और टोंक जिलों में करीब 565 किलोमीटर लंबी स्टील पाइपलाइन बिछाई जाएगी। परियोजना का संचालन हिन्दुस्तान पेट्रोलियम करेगा। स्टील पाइपलाइन बिछाने की यह योजना राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड के अंतर्गत आती है। इस परियोजना के तहत इन जिलों के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस उपलब्ध कराने के लिए नेटवर्क का विस्तार किया जाना है। कुलदीप सोनी ने बताया कि योजना में 124 गैस पंप स्थापित किए जाने हैं, जिनमें से करीब 50 पंप पहले ही लगाए जा चुके हैं।

Updated on:
22 May 2026 11:53 am
Published on:
22 May 2026 11:53 am