Bandikui Overbridge Inauguration: ओवरब्रिज के शुरू होने से बांदीकुई के साथ-साथ दौसा, राजगढ़ और अलवर क्षेत्र के लोगों को भी फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और ओवरब्रिज को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
दौसा। जिले के बांदीकुई में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार लोगों की बड़ी समस्या का समाधान होने जा रहा है। करीब एक दशक से अधूरे पड़े ओवरब्रिज का निर्माण अब पूरा हो चुका है और 11 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इसका लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। इस मौके को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और ओवरब्रिज को रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से दुल्हन की तरह संवारा गया है।
यह ओवरब्रिज वर्ष 2015-16 में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत हुआ था। शुरुआत में इसकी लागत करीब 28 करोड़ रुपए तय की गई थी और निर्माण कार्य 2019 तक पूरा होना था। लेकिन विभिन्न कारणों से काम लगातार रुकता रहा, जिससे परियोजना में देरी होती गई। समय सीमा बढ़ने के साथ इसकी लागत भी बढ़कर करीब 35 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। करीब 980 मीटर लंबा यह ओवरब्रिज अब पूरी तरह तैयार है और इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
स्थानीय स्तर पर इस ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही थी, क्योंकि रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लोगों को अक्सर लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ता था। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी। ओवरब्रिज चालू होने के बाद यातायात सुगम होगा और लोगों को बार-बार रुकने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
इस परियोजना को पूरा कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी अहम रही। विधायक भागचंद टांकड़ा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात कर इस कार्य को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया, जिसका परिणाम अब सामने है।
इस ओवरब्रिज के शुरू होने से बांदीकुई के साथ-साथ दौसा, राजगढ़ और अलवर क्षेत्र के लोगों को भी फायदा मिलेगा। खासकर बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र की बड़ी आबादी, जिसमें बसवा, गुल्लाना, करनवार, पंडितपुरा, कोलाना, रीको औद्योगिक क्षेत्र और आसपास की कई पंचायतें शामिल हैं, जो सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान इस ओवरब्रिज के अलावा कई अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि उन्हें विकास की नई सौगातें भी मिलेंगी। यह ओवरब्रिज न सिर्फ यातायात को आसान बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा।