CM Bhajanlal Bandikui Tour: महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर 11 अप्रेल को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है।
बांदीकुई। महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर 11 अप्रेल को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, एसपी सागर राणा एवं विधायक भागचंद टांकड़ा ने कार्यक्रम स्थल राजेश पायलट कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
यहां करीब 4000 वर्ग मीटर क्षेत्र में तीन बड़े डोम तैयार किए गए हैं। इनमें एक 100×400 फीट का विशाल डोम और दो 100×300 फीट के डोम शामिल हैं। इन अस्थायी संरचनाओं में हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है ताकि हर आमजन कार्यक्रम का हिस्सा बन सके। महाविद्यालय परिसर में अस्थायी हेलिपेड भी तैयार किया गया।
विधायक भागचंद टांकड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन पर बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगातें मिलेंगी। इसी दिन धोली गुमटी आरओबी शुरू होने की संभावना है। इसके अलावा भी घोषणा की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कलक्टर एवं एसपी ने आगमन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उपखंड अधिकारी रामसिंह राजावत, थाना प्रभारी जहीर अब्बास, पंचायत समिति विकास अधिकारी नितेश सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष **डॉ. सोमेश विजय, भाजपा नगर अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, ब्रह्मानंद अवस्थी, ज्योतिबा फुले समिति अध्यक्ष प्रमोद सीमला, रजत व्यास, सुरेंद्र कट्टा, धर्मसिंह, प्रणवेंद्र शर्मा, अजीत भदौरिया, प्रकाश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विधायक भागचंद टांकड़ा ने बताया कि सुबह साढ़े 9 बजे सैनी कॉलेज से 11 हजार कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें जीवंत झांकियां, 5 बैंड, 5 डब, नांद, 40 से 50 डीजे, हाथी, घोड़े और ऊंट शामिल होंगे। 31 जेसीबी से पुष्प वर्षा की जाएगी और शहर में 251 स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। सरकार ने बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र को तीनों बजटों में बड़ी सौगातें दी हैं।