
दौसा। नगर निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत राज चुनाव को लेकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। दौसा जिले के सिकराय उपखंड कार्यालय की चुनाव शाखा में इन दिनों बड़ी संख्या में मतदाता आवेदन जमा करवाने पहुंच रहे है। खास बात यह है कि नगर निकाय चुनाव में मतदान कर चुके कई मतदाता अब पंचायत राज चुनाव के लिए संबंधित ग्रामीण क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के प्रयास में है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदान कर चुके मतदाताओं को भी पंचायत राज चुनाव के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा कराने पड़ रहे है।
चुनाव शाखा के अनुसार, सोमवार दोपहर तक सिकंदरा ब्लॉक से करीब 736 और सिकराय ब्लॉक से 600 से अधिक मतदाता नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर चुके थे। इससे उपखंड कार्यालय में दिनभर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। अब सीधे कार्यालय में आवेदनः पहले नाम जुड़वाने के लिए बीएलओ की रिपोर्ट आवश्यक होती थी, लेकिन अब मतदाता स्वयं उपखंड कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके बाद तहसीलदार के माध्यम से दस्तावेज और संबंधित जानकारी की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
नगर निकाय, विधानसभा और लोकसभा में मतदान कर चुके मतदाताओं को पंचायत राज चुनाव के लिए संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है। अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के कारण मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत कर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। ऐसे में लोग समय रहते आवेदन जमा करवाने में जुटे हैं।
इधर, पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन राजस्थान के प्रदेश स्तरीय आह्वान पर अवकाश दिवस पर आयोजित कैम्पों एवं राजकीय कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया गया। जिला अध्यक्ष नन्द लाल मीणा ने बताया कि पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी पूर्ण बहिष्कार करेंगे। जिला महामंत्री दया शंकर महावर ने बताया कि पंचायत समिति एवं जिला परिषद दौसा के मंत्रालयिक कर्मचारियों की वित्तीय वर्ष 2026-27 की वरिष्ठता सूची जारी करवाने की मांग को लेकर सीईओ दौसा को ज्ञापन सौपा गया। ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर, लालाराम मीना, राजेश मीणा, ब्लाक महामंत्री जीतु गोडीवाल, बजरंग लाल गुर्जर, देशराज मीणा, केशव, उम्मेद योगी, हरिकेश योगी, आजाद योगी, जगदीश सैनी, रामफूल, सुनिल, अनिल आदि मौजूद रहे।