दौसा

राजस्थान: तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत से पसरा मातम, 11 दिन से लापता था युवक

दौसा के होलीपाड़ा मोहल्ले में 11 दिन से लापता 19 वर्षीय जितेंद्र प्रसाद बैरवा का शव घर के पास सुनसान कुएं में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, जिसके चलते शव को अस्पताल पहुंचाने में करीब तीन घंटे लगे।
2 min read
Aug 26, 2026
Dausa News
मृतक की बहनों का रो-रोकर बुरा हाल।

दौसा। तहसील मुख्यालय के होलीपाड़ा मोहल्ले में 11 दिन से लापता 19 वर्षीय जितेंद्र प्रसाद बैरवा का शव घर के समीप स्थित सुनसान कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। विरोध के चलते पुलिस को शव मौके से उठाकर जिला चिकित्सालय पहुंचाने में करीब तीन घंटे लग गए।

जितेंद्र 15 अगस्त से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतक के पिता जगदीश कुमार बैरवा का आरोप है कि बेटे के लापता होने के बाद पुलिस ने मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने बताया कि लापता होने से पहले जितेंद्र ने कुछ लोगों के नाम बताते हुए आशंका जताई थी कि उसके साथ अनहोनी होने पर वे लोग जिम्मेदार हो सकते हैं।

सोमवार को कुएं में शव होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शव उठाने से रोकते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाया गया। करीब शाम पांच बजे शव जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन भी पहुंच गए। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा, पुलिस उपाधीक्षक कपिल गुप्ता, सदर थाना प्रभारी युधिष्ठिर गुर्जर, दौसा कोतवाल भगवान सहाय शर्मा सहित भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल भी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की।

यह भी वीडियो देखें:

परिजनों की प्रमुख मांगें

परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ 50 लाख रुपए मुआवजा, तीनों बहनों को संविदा पर नौकरी, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास और मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता की मांग रखी। मांगें पूरी नहीं होने पर थाने व जिला कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।

मां और बहनों का विलाप देख नम हुईं आंखें

जितेंद्र माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी तीन बहनें हैं। परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है। बेटे की मौत की खबर से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मां बार-बार बेटे को वापस लाने की गुहार लगाती रही, वहीं बहनें भाई को पुकारकर बिलखती रहीं। घटनास्थल पर मातम का माहौल रहा।

कुएं में शव मिलने से उठे सवाल

परिजनों और ग्रामीणों ने कहा कि घर के पास स्थित कुएं में 11 दिन से लापता युवक का शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद स्थिति होगी साफ

पुलिस के अनुसार युवक की मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
शंकरलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

Updated on:
26 Aug 2026 11:42 am
Published on:
26 Aug 2026 11:42 am