Rajasthan Congress: कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार रामजीलाल ओढ़ को नियुक्त करने पर दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है।
दौसा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार रामजीलाल ओढ़ को नियुक्त करने पर दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है। विधायक ने सोशल मीडिया पोस्ट कर अपनी ही पार्टी को घेरा, जो जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने जिलाध्यक्ष की नियुक्ति सूची जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि राहुल गांधी के संगठन सृजन अभियान का दौसा में क्या हुआ? इस पोस्ट पर कई कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने मत पोस्ट किए।
गौरतलब है कि संगठन सृजन अभियान के तहत गत माह पर्यवेक्षक अनिल भारद्वाज के समक्ष जिले के 30 से अधिक नेताओं ने जिलाध्यक्ष पद के लिए दावा किया था। तब दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने जिलाध्यक्ष पद पर बदलाव की पैरवी करते हुए खुद को भी दौड़ में शामिल बताया था, लेकिन कांग्रेस आलाकमान ने लगातार तीसरी बार रामजीलाल ओढ़ को ही जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया। अब विधायक की सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय है।
मुझ सहित कई कार्यकर्ताओं व नेताओं की मंशा थी कि अब जिलाध्यक्ष पद पर चेहरा बदला जाए। अन्य नेताओं को मौका दिया जाए, संगठन सृजन अभियान का मकसद भी यही था। अब पार्टी ने जो कर दिया वह मान्य है।
-दीनदयाल बैरवा, दौसा विधायक
पार्टी नेतृत्व ने फिर से जिला अध्यक्ष की जिमेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विधायक दीनदयाल बैरवा कांग्रेस परिवार के ही सदस्य हैं। किसी तरह की कोई बात है तो उनसे चर्चा कर ली जाएगी।
-रामजीलाल ओढ़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष