28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Infra News: होली से पहले बड़ी सौगात, कोटा-दौसा एक्सप्रेस-वे चालू; अब बिना जाम सीधे दिल्ली पहुंचेंगे

Mumbai-Delhi Expressway: मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे को कोटा से दौसा के बीच शुरू कर दिया गया है। मार्च में दौसा से कोटा के बीच भी शुरू कर दिया जाएगा।

2 min read
Google source verification

दौसा

image

Anil Prajapat

Feb 28, 2026

दौसा। मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे को कोटा से दौसा के बीच शुरू कर दिया गया है। मार्च में दौसा से कोटा के बीच भी शुरू कर दिया जाएगा। अभी कोटा से सवाईमाधोपुर के बीच कुछ किलोमीटर में कार्य चल रहा है। मार्च में यह कार्य पूरा हो जाएगा। अभी कुछ जगह मार्ग एकतरफा है। मार्ग शुरू करने से कोटा से दौसा आने वाले यात्रियों का समय बचने लगा है।

एक्सप्रेस से कोटा से दौसा के बीच की दूरी करीब 240 किलोमीटर है। इस एक्सप्रेस पर वाहन चलाने की अधिकतम अनुमति 120 किलोमीटर प्रति घंटे की है। भांडारेज इंटरचेंज से कोटा के बीच की दूरी और भी कम है। कोटा से भांडारेज इंटरचेंज तक आने में करीब दो से सवा दो घंटे के बीच का समय लगेगा। बीच में कहीं रुकने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

होली पर घर आने वालों के लिए तोहफा

दौसा जिले के सैकड़ों बालक कोटा रहकर कोचिंग कर रहे हैं। अब होली की छुट्टी पर उनको दौसा तक पहुंचना आसान होगा। इसके अलावा कोटा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब लवान इंटरचेंज से सीधे एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश मिलने से वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर उतरने की आवश्यकता नहीं रहेगी। इससे समय की बचत होने के साथ-साथ जाम की समस्या से भी निजात मिली है। कोटा से निकलने वाले वाहन बिना किसी रुकावट के सीधे एक्सप्रेस-वे पर पहुंचकर दिल्ली की ओर रवाना हो सकेंगे।

पहले लवान टोल पर उतरने के कारण लंबा जाम लग जाता था, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कोटा से सवाई माधोपुर, टोंक और दिल्ली जाने वाले वाहनों को सीधी सुविधा मिल गई है। इससे यात्रा का समय कम हुआ है और ईंधन की भी बचत हो रही है। एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव होने के कारण अब कोटा से दिल्ली का सफर पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है।

समय बचना शुरू

कोटा से दौसा के बीच का मार्ग शुरू कर दिया गया है। इससे समय बचेगा। साथ ही यात्रा भी सुरक्षित होगी।
-भरत सिंह जोइया, पीडी एनएचएआई दौसा