
Photo: AI generated
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर शहर में सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज हो गई है। भरतपुर नगर निगम प्रशासन ने 60 फीट गोलपुरा रोड पर प्रस्तावित चौड़ीकरण के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया है। प्रस्तावित रोड प्रोजेक्ट से ट्रैफिक जाम खत्म होगी। लेकिन, इससे दर्जनों परिवारों के सामने छत बचाने का संकट खड़ा हो गया है।
नगर निगम की अतिक्रमण शाखा की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना में सड़कों पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में भरतपुर शहर के गोलपुरा रोड को 60 फुट किया जाना प्रस्तावित है।
कनिष्ठ अभियंता की मौका रिपोर्ट में 80 से ज्यादा मकान, दुकान, मंदिर और कार्यालयों को अतिक्रमण की श्रेणी में पाया गया है। ऐसे में संबंधित व्यक्ति को 15 दिन के अंदर 60 फीट सड़क सीमा मानते हुए लगाए गए निशान तक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि तय अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के एक्सईएन भरत कुमार ने बताया कि गोलपुरा रोड को 60 फीट चौड़ा करने के लिए 80 मकानों को तोड़ने का नोटिस जारी किया गया है। सड़क चौड़ी होने के बाद वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगी। अतिक्रमण हटाने के बाद पहले चरण में नाला निर्माण होगा। इसके बाद 60 फीट चौड़ी नई सड़क बनाई जाएगी। सड़क निर्माण में करीब चार करोड़ रुपए की लागत आएगी।
भरतपुर नगर निगम के आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद टेंडर जारी कर 60 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा और डिवाइडर भी बनाए जाएंगे। यदि किसी के पास पट्टा होगा तो उसे नियमानुसार मुआवजा भी दिया जाएगा और पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
Published on:
27 Feb 2026 03:52 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
