दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने विधानसभा में प्यारीवास गांव में कथित मीना हाईकोर्ट, भूमि रिकॉर्ड और सरकारी जमीन पर निर्माण को लेकर सवाल उठाए।
दौसा: कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा ने 16 वीं विधानसभा के पांचवें सत्र में तारांकित सवाल किया है। इसमें उन्होंने तीन सवालों के लिखित में जवाब मांगे हैं। इसके बाद राजस्व विभाग के सहायक शासन सचिव के आदेश पर जिला कलक्टर कार्यालय ने नांगल राजावतान एसडीएम व तहसीलदार से लिखित में जवाब मांगा है।
नांगल के अधिकारियों ने रिपोर्ट बनाकर कलक्ट्रेट में भिजवा दी है। इधर यह तीनों सवाल सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। बैरवा दौसा विधानसभा क्षेत्र में हुए उप चुनाव में भाजपा के जगमोहन मीणा को हराकर विधायक बने हैं।
क्या यह सही है कि विधानसभा क्षेत्र दौसा के ग्राम प्यारीवास में मीना हाईकोर्ट के नाम से कोई स्थान है? कितनी भूमि राजस्व रेकॉर्ड में दर्ज है?
यह स्थान किस खसरा में, कितने क्षेत्र में किस आधार पर व किस मद में निर्मित करवाया गया है? वर्षवार व्यय विवरण बताएं।
क्या किसी चरागाह, खेल मैदान या निजी खातेदारी के नाम पर आवंटित भूमि पर किसी सामाजिक संस्था या भवन का निर्माण करवाया जा सकता है?
मैंने तीनों सवाल विधानसभा में लगाए हैं। इसकी लिखित में जानकारी मांगी है। जवाब आने पर आगे क्या करना है इस पर विचार किया जाएगा। अभी जवाब आया नहीं है।
- दीनदयाल बैरवा, विधायक दौसा
जो सूचना मांगी थी, वह हमने उच्चाधिकारियों को भिजवा दी है ।
- यशवंत मीणा, एसडीएम, नांगल राजावतान, दौसा