दौसा

Dausa News: स्कूल बस की टक्कर से महिला की मौत, भीड़ को आता देख बच्चों को बस में छोड़कर भाग गया ड्राइवर

Dausa News: राजस्थान में एक दर्दनाक हादसे में स्कूली बस की टक्कर से विधवा महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

2 min read
Sep 07, 2024

Dausa News: मंडावर थाना इलाके के गढ़हिम्मतसिंह गांव में गाय को रोटी खिलाकर घर लौट रही विधवा महिला को एक निजी स्कूल की बस ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले बस से स्कूली बच्चों को उतारकर घर पहुंचाया। उसके बाद बस के शीशे तोड़कर विरोध-प्रदर्शन किया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एंबुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, वहीं क्षतिग्रस्त स्कूल बस को पुलिस ने थाने पहुंचाया। इधर मृतका की बेटी अशोक देवी बैरवा ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर उसकी मां की जान लेने का मामला दर्ज करवाया है।

डॉ. भीमराव अम्बेडकर जागृति संघ मण्डावर अध्यक्ष महेश वर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे गढ़हिम्मतसिंह गांव स्थित राजीव गांधी सर्किल के पास 65 वर्षीय महिला मनोरी देवी बैरवा पत्नी स्व. रामस्वरूप बैरवा निवासी गढ़हिम्मतसिंह अपने घर के बाहर गाय को रोटी खिलाकर वापस लौट रही थी। तभी पीलवा से गढ़हिम्मतसिंह की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही निजी स्कूल कठहेड़ा की बस ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

भीड़ को आता देख स्कूली बच्चों को बस में छोड़कर चालक भाग गया। जहां आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में बैठे बच्चों को नीचे उतारकर निजी वाहनों में बैठाकर उनके घर पहुंचाया। इसके बाद पथराव कर बस के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कर शव को मण्डावर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

ग्रामीणों ने बस चालक की गिरफ्तारी नहीं होने तक पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर थाने में जाकर बैठ गए। काफी देर बाद थानाधिकारी की समझाइश पर परिजन व ग्रामीण शव का पोस्टमार्टम करवाने पर राजी हुए। इसके बाद करीब साढ़े तीन बजे पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के सुपुर्द किया।

बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि मृतका की बेटी अशोक देवी ने दर्ज रिपोर्ट बताया कि उक्त चालक द्वारा तीन दिन पूर्व भी बस को लापरवाही एवं तेजगति से चलाकर सडक़ से खेतों में कूदा दिया था। उस समय भी बस में स्कूली बच्चे सवार थे। जिससे बड़ा हादसा होते हुए टल गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published on:
07 Sept 2024 10:36 am
Also Read
View All

अगली खबर