Dausa Voter List Update: दौसा जिले में करीब 61560 मतदाता कम हो गए हैं। सबसे ज्यादा दौसा विधानसभा क्षेत्र में करीब 18053 मतदाता कम हुए हैं।
दौसा। निर्वाचन आयोग की ओर से 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) घोषित करने के बाद से 21 फरवरी 2026 तक जिले में करीब 61560 मतदाता कम हो गए हैं। सबसे ज्यादा दौसा विधानसभा क्षेत्र में करीब 18053 मतदाता कम हुए हैं।
सबसे कम 8344 मतदाता बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में कम हुए हैं। कम होने के कई कारण हैं। कइयों के दो जगह नाम थे। कईयों का निधन हो गया। सबसे बड़ा कारण है दूसरी जगह शिफ्ट होना। 16 दिसम्बर की जारी सूची के अनुसार जिले से करीब 49 हजार मतदाता परमानेंट दूसरी जगह शिफ्ट हो गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार व एडीएम अरविंद शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) घोषित किया गया था।
इसके तहत 4 नवम्बर से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण के बाद 16 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया गया था। जिसमें दौसा जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 11 लाख 71 हजार 482 थी।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि में दौसा जिले में 22 हजार 425 फॉर्म-6/6A, 711 फॉर्म-7 तथा 5353 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। ऐसे में पूर्व में आए सभी फॉर्म तथा दावे-आपत्तियों प्राप्त करने के बाद अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया गया है।
दौसा उपखंड अधिकारी संजू मीणा ने बताया कि दौसा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 230574 है। इनमें 122692 पुरूष व 107882 महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि नाम जुड़ने की प्रक्रिया सतत है। नाम आगे भी जुड़ सकेंगे। यह सूची विधानसभा चुनावों की है।
| विधानसभा सीट | पूर्व मतदाता संख्या | वर्तमान मतदाता संख्या | घटे मतदाता |
|---|---|---|---|
| बांदीकुई | 2,29,838 | 2,21,494 | 8,344 |
| महुवा | 2,28,832 | 2,17,733 | 11,099 |
| सिकराय | 2,76,630 | 2,64,965 | 11,665 |
| दौसा | 2,48,627 | 2,30,574 | 18,053 |
| लालसोट | 2,66,875 | 2,54,476 | 12,399 |
एसआईआर से पहले: 1250802
एसआईआर के बाद: 1189242
कम हुए: 61560