दौसा

Exclusive Interview: दौसा जिला प्रमुख बनते ही एक्शन मोड में बीना बैरवा, बोलीं- अवैध शराब ठेकों को करवाऊंगी बंद

दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुई। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर उन्होंने जिले की दसवीं जिला प्रमुख के रूप में पदभार संभाला। पढ़ें बीना बैरवा से पत्रिका के वरिष्ठ संवाददाता राजेश शर्मा की बातचीत के प्रमुख अंश-
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 5:06 PM IST
Beena Bairwa
कांग्रेस की बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित। फोटो: पत्रिका

दौसा जिले की राजनीति में बुधवार को एक नया अध्याय जुड़ा। दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी बीना बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुई। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर उन्होंने जिले की दसवीं जिला प्रमुख के रूप में पदभार संभाला। वे इस पद पर पहुंचने वाली तीसरी महिला हैं। बीना बैरवा से पहले कामेरी देवी मीणा और गीता खटाना दौसा जिला प्रमुख रह चुकी हैं। बीना के सामने राजनीतिक रूप से भाजपा की सरकार और कांग्रेस के जिला नेतृत्व के बीच तालमेल बैठाने से लेकर जिले के विकास तक कई चुनौतियां है। दौसा जिला प्रमुख बीना बैरवा से पत्रिका के वरिष्ठ संवाददाता राजेश शर्मा ने खास बातचीत की। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश-

सवाल: दौसा जिला प्रमुख के रूप में आपकी तीन प्रमुख प्राथमिकताएं

जवाब: पेयजल संकट दूर करना, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना और अवैध शराब के ठेके बंद करवाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। स्कूलों का निरीक्षण भी करूंगी।

सवाल: महिला महिलाओं के लिए क्या खास करेंगी?

जवाबः शराब से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को होती है। अवैध ठेके बंद होने से उनकी कई समस्याएं दूर होंगी। पेयजल किल्लत दूर करूंगी।

सवाल: राजस्थान में भाजपा की सरकार है और आप कांग्रेस से है। विकास कार्यों के लिए समन्वय कैसे करेंगी?

जवाब: जनता ने कांग्रेस को जिताया है। दौसा के हिस्से का बजट कोई सरकार नहीं छीन सकती। इसी बजट से विकास कार्य करवाए जाएंगे।

सवाल: लवाण में प्रधान रहते हुए कौनसा काम अधूरा रह गया, जिसे अब पूरा करवाना चाहेंगी?

जवाब: जनता ने जो भी काम बताए, वे सभी करवाए है। आगे भी जनता की मांग के अनुसार काम करवाऊंगी।

सवाल: दौसा की बेटियां खेलों में पीछे हैं। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए क्या करेंगी?

जवाबः खेल मैदान विकसित करवाएंगे और खिलाड़ियों को उपकरण दिलवाएंगे। खेलों में जीतकर आने वाली बेटियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

सवाल: दौसा जिला प्रमुख बनवाने का श्रेय किसे देंगी?

जवाबः सभी को श्रेय है। सचिन पायलट, परसादी लाल मीणा सहित सभी पदाधिकारियों ने पूरा सहयोग किया। विरोध किसी ने नहीं किया।

सवाल: ऐसे कार्य जो सौ दिन में पूरे करेंगी?

जवाब: कुछ कार्य दिनों में पूरे होने वाले होते हैं। कुछ में समय लगता है। स्कूलों समय प्रबंधन सुधारूंगी। सौ दिन में शराब के अवैध ठेके को बंद करवाने खुद जाऊंगी।

सवाल: पीहर में भाजपा और ससुराल में कांग्रेस से जुड़ाव है। इस राजनीतिक स्थिति को कैसे देखती है?

जवाबः मेरा भाई भाजपा से सदस्य रह चुका है। उनके विचार उनके साथ है।

जानें दौसा जिला प्रमुख बीना बैरवा को

  • नामः बीना चैरवा
  • पतिः दीनदयाल बैरवा (विधायक)
  • उम्रः 45 वर्ष
  • शिक्षाः साक्षर
  • राजनीतिक अनुभवः सरपंच और
  • प्रधान रह चुकी हैं
  • ससुरालः जीरोता खुर्द
  • पीहरः टोरडा, सिकराय
  • संपत्तिः करीब 55 लाख रुपए
  • पति की संपत्तिः करीब दो करोड़ रुपए।
  • संतानः एक बेटा और एक बेटी