दौसा

Delhi-Mumbai Expressway: राजस्थान में जहां हुई 8 लोगों की मौत, वहां सुरक्षा मानकों का जायजा लेने 8 को आएंगे नितिन गडकरी

Nitin Gadkari Rajasthan Visit : राजस्थान के दौसा जिल में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर हाल ही में हुए भीषण हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लकर सरकार और केंद्रीय स्तर पर सक्रियता बढ़ गई है।
2 min read
Jul 05, 2026
Nitin Gadkari Rajasthan visit
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व इनसेट में क्षतिग्रस्त बस। फोटो: पत्रिका

दौसा। राजस्थान के दौसा जिल में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर हाल ही में हुए भीषण हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लकर सरकार और केंद्रीय स्तर पर सक्रियता बढ़ गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अब खुद एक्सप्रेस-वे की हकीकत परखेंगे। बताया जा रहा है कि जहां 8 लोगों की मौत हुई थी, उस जगह सहित दिल्ली से कोटा तक केंद्रीय मंत्री गडकरी एक्सप्रेस-वे का दौरा करेंगे। इस दोरान वे सुरक्षा मानकों व खामियों का जायजा लेंगे।

जानकारी के अनुसार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को दिल्ली से सड़क मार्ग से दौसा होते हुए कोटा जाएंगे और इस दौरान पूरे मार्ग का निरीक्षण करेंगे। यात्रा के दौरान गड़करी एक्सप्रेस-वे पर मौजूद व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और खामियों का जायजा लेंगे। जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर कराने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए जाएंगे।

दौसा में हुई थी आठ लोगों की मौत

गौरतलब है कि एक जुलाई को दौसा क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर और बस की टक्कर के बाद भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हुए थे। सूत्रों के अनुसार, गड़करी का यह दौरा हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि निरीक्षण के बाद एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

कलक्टर का सुझावः एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस लगे

दौसा में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे पर 1 जुलाई को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद सरकार ने हाइवे सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला कलक्टर ने एडवांस लाइफ सपोर्ट वाली एम्बुलेंस तैनात करने का सुझाव दिया है। ये एम्बुलेंस पूरी तरह एनएचएआई के तहत संचालित और मेंटेन होंगी। इसके साथ ही तय दूरी पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात की जाएंगी, ताकि आगजनी या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

लगातार तीसरे दिन वीसी

हादसे के बाद मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने लगातार तीसरे दिन भी बैठक कर संभागीय आयुक्तों को सभी जिला कलक्टर्स की बैठक आयोजित कर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों की बैठकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाएं। बैठक में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव, सार्वजनिक निर्माण विभाग प्रवीण गुप्ता एवं प्रमुख शासन सचिव परिवहन भवानी सिंह देथा शासन सचिव स्वायत शासन विभाग रवि जैन सहित अनेक अधिकारी जुड़े थे।

Updated on:
05 Jul 2026 02:43 pm
Published on:
05 Jul 2026 02:43 pm