मानव तस्करी विरोधी यूनिट दौसा ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म छह से बच्चों को मुक्त कराकर थाना पुलिस के सुपुर्द किया।
बांदीकुई. मानव तस्करी विरोधी यूनिट दौसा ने पुलिस के सहयोग से रविवार रात रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म छह से एक आरोपित को गिरफ्तार कर मजदूरी कराने के लिए ले जाए जा रहे तीन बच्चों को मुक्त कराकर थाना पुलिस के सुपुर्द किया। इस सम्बंध में मानव तस्करी यूनिट प्रभारी मांगीलाल ने थाने में मामला दर्ज कराया है।
यूनिट प्रभारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि आगरा से तीन नाबालिगों को लेकर गुडग़ांव में एक दुकान पर बाल मजदूरी के लिए ले जा रहा है। आरोपित बांदीकुई रेलवे स्टेशन पर उतरकर दूसरी ट्रेन से गुडग़ांव जाने की फिराक में था।
इस पर दबिश देकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म छह के बाहर से आरोपित राहुल पुत्र रोशनलाल बघेल निवासी बासोनी बहार आगरा को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों नाबालिग को संरक्षण में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बांदीकुई थाना प्रभारी निरंजनपाल सिंह ने बताया कि तीनों बच्चों को दौसा पेश किया गया। जहां से सभी को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया। आरोपित से बच्चे के परिजनों के बारे में पूछताछ की जा रही है।